शिमला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल प्रदेश का दौरे का कार्यक्रम तय हो गया है। पीएम मोदी 3 अक्टूबर को अटल रोहतांग सुरंग को जनता को समर्पित करेंगे। कोविड के कारण इस बार पीएम मोदी के कार्यक्रम में गिने-चुने लोग ही हिस्सा लेंगे। उनकी मनाली और लाहौल घाटी में दो सभाएं होंगी और उनमें भी 200-200 लोग ही हिस्सा लेंगे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम तय हो गया है। वे 3 अक्टूबर को सुबह 9.15 बजे मनाली पहुंचेंगे और दोपहरबाद 2.15 बजे वापस दिल्ली लौट जाएंगे। उन्होंने कहा कि कोविड प्रोटोकाल के मुताबिक ही इस कार्यक्रम में लोग हिस्सा लेंगे। साथ ही कहा कि कार्यक्रम में सरकार के बोर्ड-निगमों के अध्यक्ष व उपाध्यक्षों के साथ-साथ पार्टी के राज्य पदाधिकारी भी हिस्सा नहीं लेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम को सभी जिलों और मंडलों में लाइव दिखाया जाएगा।
अटल की घोषणा के भी गवाह थे मोदी
मुख्यमंत्री ने कहा कि पू्र्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के मित्र व खोलान गांव निवासी टशी दवा अकसर उन्हें लाहौल की परेशानी को बताया करते थे। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस टनल को बनाने की 2000 में लाहौल में इसकी घोषणा की थी। इसके बाद जून 2002 में इसकी नींव रखी थी। जब वाजपेयी ने टनल की घोषणा की थी, उस समय भी वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके साथ मौजूद थे।
लाहौल की बदल जाएगी तस्वीर
सीएम ने कहा कि अटल टनल से सफर शुरू होने से लाहौल घाटी की तस्वीर बदल जाएगी। घाटी में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इस क्षेत्र के कृषि बागवानी के साथ साथ कैश क्रॉप व फूल के व्यापार को भी पंख लगेंगे। चंबा के पांगी, किलाड़ तक इस टनल का प्रभाव देखने को मिलेगा।
