Spread the love

प्रतिभा सिंह बोली – कांग्रेस नेताओं के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी पर अनुराग ठाकुर मांगें माफी 

शिमला। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर द्वारा कांग्रेस के‌ राष्ट्रीय अध्यक्ष और कांग्रेस पार्टी पर गई टिप्पणी से नाराज कांग्रेस ने शुक्रवार को शिमला में प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह की अगुवाई में डीसी कार्यालय के बाहर किए गए प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर के खिलाफ नारेबाजी भी की। इस प्रदर्शन में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सहित‌ कई‌ नेता मौजूद थे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वह भाजपा के किसी भी दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जवाब दें। उन्होंने कहा कि सांसद अनुराग ठाकुर ने संसद में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे व अन्य राष्ट्रीय नेताओं पर जो अभद्र टिप्पणियां और झूठे आरोप लगाए हैं, उसके लिये उन्हें माफी मांगनी होगी। उन्होंने कहा कि जबतक अनुराग ठाकुर माफी नही मांगते तब तक उनके खिलाफ पूरे प्रदेश में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

प्रतिभा सिंह ने भाजपा सांसदों पर निशान साधते हुए कहा कि वह देश के ज्वलंत मुद्दों से लोगों का ध्यान बांट कर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसमें प्रदेश के सभी भाजपा सांसद भी अहम भूमिका निभा रहे हैं और इसमें अनुराग ठाकुर सबसे आगे दिखते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के भाजपा सांसदों को प्रदेश की कोई चिंता नहीं है। वह कभी भी प्रदेश हित की कोई बात केंद्र सरकार से नहीं करते। उन्होंने कहा कि प्रदेश मामलों की प्रभारी सांसद रजनी पाटिल ने प्रदेश के मुद्दों, प्राकृतिक आपदा व बागवानी से जुड़े मुद्दों को संसद में उठा कर प्रदेश की आवाज को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र प्रदेश के हितों की पूरी तरह अनदेखी कर रहा है और प्रदेश के सभी भाजपा सांसद खामोश बैठे हैं।

प्रतिभा सिंह कहा कि पूर्व यूपीए सरकार के समय प्रदेश के विकास को जो गति मिली थी, उस पर आज पूर्ण विराम लग चुका है। उन्होंने कहा कि  कांग्रेस इस अन्याय के खिलाफ लड़ेगी। उन्होंने इसके लिए पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आगे आने का आह्वान किया।

अनुराग ठाकुर अपने आकाओं को खुश करने के लिये कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं पर कर रहे अनाप-शनाप बयानबाजी – मुकेश अग्निहोत्री 

 उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि मलिकार्जुन खड़गे देश के वरिष्ठतम नेता हैं। उनका किसी भी स्तर पर अपमान सहन नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर की उनके नेताओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां दुर्भाग्यपूर्ण है। उनकी टिप्पणियों से प्रदेश का नाम भी शर्मसार हुआ है क्योंकि देवभूमि हिमाचल अपनी सभ्यता और संस्कारों के लिये विशेष तौर पर जाना जाता है और उन्होंने इस सभ्यता का अपमान किया है।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि अनुराग ठाकुर अपने आकाओं को खुश करने के लिये कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित अन्य प्रमुख नेताओं पर अनाप शनाप बयानबाजी करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसे कभी बर्दाश्त नही करेंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा आज इतिहास को बदलने का  प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा संसद के अंदर देश के ज्वलंत मुद्दों पर कोई चर्चा नहीं करती। देश की अर्थव्यवस्था चौपट हो रही है, बेरोजगारी सारे रिकॉर्ड तोड़ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमरीका के राष्ट्रपति का गुणगान करते हैं। उन्होंने कहा कि पहली बार किसी देश ने भारतीय अप्रवासी नागरिकों को हथकड़ी लगा कर स्वदेश भेजा। उन्होंने कहा कि यह उनका नहीं, पूरे देश भारत का अपमान हुआ है जो सहन नहीं किया जा सकता।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि अमरीका की नई पाबन्दियों से प्रदेश की बागवानी पर बहुत बड़ा विपरीत प्रभाव पड़ने वाला है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी जो कभी प्रदेश को अपना दूसरा घर बताते थे आज उसी के साथ अन्याय कर रहे हैं। प्रदेश की घोर उपेक्षा हो रही है। प्रदेश को आर्थिक तौर पर कमजोर करने की कोशिश केंद्र की भाजपा सरकार कर रही है। प्रदेश को उसके हक नहीं दिए जा रहे। प्रदेश के कर्मचारियों का 10 हजार करोड़ केंद्र सरकार नही दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार केंद्र सरकार की तानाशाही को अब बर्दाश्त नहीं करेगी और इसके खिलाफ हर स्तर पर लड़ाई लड़ी जाएगी।

अनुराग ठाकुर ने संसदीय प्रणाली को तार-तार किया – विक्रमादित्य सिंह 

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सां‌सद अनुराग ठाकुर पर आरोप लगाया कि उन्होंने संसदीय प्रणाली को तार-तार कर उनके शीर्ष नेताओं का जिस प्रकार अपमान किया है उसे सहन नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों ने उन्हें प्रदेश के मुद्दों व समस्याओं को सरकार के समक्ष रखने को चुना है,‌ पर यह बहुत ही दुखदाई है कि उन्हें प्रदेश हित की कोई चिंता नहीं है।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि अमरीका के राष्ट्रपति ट्रम्प के ताज़ा निर्णयों से देश की आर्थिकी पर विपरीत असर पड़ने वाला है। केंद्र सरकार को इसकी कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोगों का ध्यान भटकाने के लिये कांग्रेस नेताओं पर अनाप-शनाप बयानबाजी और झूठे आरोप लगाकर यह देश को गुमराह नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा के हर दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जवाब देगी। 

अनुराग अपनी मर्यादा लांघ रहे – कुलदीप राठौर 

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल के हितों से कुठाराघात कर रही है। हिमाचल प्रदेश से चुन कर गए सभी भाजपा सांसद प्रदेश हित की न तो कोई बात करते हैं और न ही कोई प्रयास। उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर का सदन के अंदर उनके शीर्ष नेताओं के खिलाफ आरोप बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अनुराग अपनी मर्यादा लांघ रहे हैं। सदन के अंदर झूठ बोल कर उन्होंने संसदीय प्रणाली व लोकतंत्र के मंदिर का अपमान किया है जिसे सहन नहीं किया जा सकता।

शिमला शहर के विधायक हरीश जनारथा, शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने भी इस धरना प्रदर्शन को संबोधित किया और अनुराग ठाकुर की आलोचना की। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने अनुराग ठाकुर के खिलाफ जबरदस्त नारेबाजी की।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *