शिमला। सोलन के ओच्छघाट स्थित एलआर विधि शिक्षण संस्थान से विधानसभा की कार्यवाही देखने आए 65 छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को कौंसिल चैम्बर के बाहर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से मुलाकात की इन विद्यार्थियों ने विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात करने के उपरान्त विधानसभा में बजट सत्र के 12वें दिन की कार्यवाही को भी देखा।
इससे पहले, मुलाकात के दौरान छात्र-छात्राओं ने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया से संसदीय प्रणाली, सत्र संचालन तथा सदन में उनकी भूमिका से सम्बन्धित प्रश्न भी पूछे, जिसका उन्होंने सिलसिलेवार जवाब दिया। संवाद के दौरान पठानिया ने कहा कि उन्हें बहुत खुशी है कि आज के युवा तथा छात्र-छात्राएं संसदीय प्रणाली, संवैधानिक व्यवस्था को जानने में रूचि ले रहे हैं तथा सदन की कार्यवाही देखने दूर-दूर से आ रहे हैं।
पठानिया ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष होने के नाते उनका फर्ज है कि विधानसभा की कार्यवाही अविलम्ब चलती रहे तथा सदन में सार्थक चर्चा हो। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि 14वीं विधानसभा में 26 विधायक पहली मर्तबा चुन कर आए हैं और बतौर विधानसभा सदस्य अब तक का उनका प्रदर्शन सराहनीय रहा है। उन्होंने कहा कि इन्सान कोई भी हो वह हर दिन सीखता रहता है। उन्होंने कहा कि हालांकि वह स्वयं भी 1985 में प्रथम बार चुन कर आए थे तथा यह उनका पांचवा कार्यकाल है फिर भी वह हर दिन सीखने का प्रयास करते हैं। इसलिए उनका सभी को चाहें छात्र हो या विधानसभा सदस्य, परामर्श है कि उन्हे हर दिन सीखने और समझने का प्रयास करना चाहिए ताकि वे ज्यादा परिपक्व हो सकें।
संवाद के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि उनका सदैव प्रयास रहता है कि वह निष्पक्षता के साथ सदन का संचालन करें तथा सभी को बोलने का समान अवसर दें विशेषकर उन्हें भी बोलने का मौका दें जो प्रथम बार सदन में चुनकर आए हैं।
