Spread the love

शिमला। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने पूर्व मंत्री किशन कपूर के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उनका निधन शनिवार सुबह पीजीआई चंडीगढ़ में हुआ। वह 73 वर्ष के थे।

राज्यपाल ने कहा कि किशन कपूर जन समर्पित नेता थे और उन्होंने प्रदेश के लोगों के कल्याण और प्रगति में उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विकास और जन कल्याण के लिए किशन कपूर ने बहुमूल्य योगदान दिया है। धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र और कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के विकास के लिए किए गए उनके कार्यों को सदैव याद रखा जाएगा।

ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। 

उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पूर्व मंत्री किशन कपूर के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि किशन कपूर ने अपने राजनीतिक जीवन में कड़े संघर्ष किए और सदैव उच्च आदर्शों पालन किया।

उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि किशन कपूर द्वारा लोगों के कल्याण और प्रदेश के विकास में उल्लेखनीय योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। 

हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने पूर्व मंत्री एवं पूर्व लोकसभा सांसद किशन कपूर के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। विधानसभा अध्यक्ष ने अपने शोक सन्देश में कहा कि किशन कपूर भाजपा के कद्दावर नेता थे। पठानिया ने कहा कि वह पांच बार धर्मशाला निर्वाचन क्षेत्र से विधान सभा सदस्य रहे तथा वर्ष 1990 में पहली बार विधानसभा सदस्य चुने गए थे। 

पठानिया ने कहा कि राज्य सरकार  के परिवहन एवं कानून, खाद्य आपूर्ति एवं शहरी विकास मंत्री के रूप में प्रदेश के विकास कार्यों में उनका अहम योगदान रहा है। पठानिया ने कहा कि उनका गद्दी समुदाय के प्रति विशेष लगाव था तथा उनके उत्थान में उनकी भूमिका सराहनीय रही है।

पठानिया ने कहा कि प्रदेश ने किशन कपूर के रूप में एक होनहार तथा कर्तव्य निष्ठ नेता खोया है जिसकी भरपाई करना नामुमकिन है। पठानियां ने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवदेना प्रकट की है।

विधान सभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने भी किशन कपूर के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है तथा दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *