शिमला। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आम बजट को सर्वजनहिताय और सर्वजन सुखाय बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह बजट ‘विकसित भारत’ के निर्माण के संकल्प को प्रतिबिंबित करता है और देश को आत्मनिर्भर व समृद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
जेपी नड्डा ने कहा कि इस बजट में महिलाओं, मजदूरों, गरीबों, किसानों, युवाओं, व्यापारियों, मध्यमवर्गीय परिवारों, कृषि, उद्योग, निवेश और निर्यात समेत सभी क्षेत्रों का विशेष ध्यान रखा गया है। साथ ही, आर्थिक राहत, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और उद्योगों को बढ़ावा देने के प्रावधान शामिल किए गए हैं। उन्होंने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और उनकी टीम को सफल बजट पेश करने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह बजट देश को आत्मनिर्भरता की ओर ले जाने में सहायक सिद्ध होगा।
