शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि जेओए लाइब्रेरी के 767 पद खाली हैं। प्रदेश उच्च न्यायालय के अंतिम निर्णय के बाद इनकी भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के जो बड़े संस्थान हैं या जहां पर बच्चों की एनरोलमेंट ज्यादा है वहां पर इनकी भर्ती की जाएगी। शिक्षा मंत्री ने मंगलवार को विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान विधायक रीना कश्यप के सवाल के जवाब में यह बात कही।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश में जेओए लाइब्रेरी के 771 पद सृजित हैं। उन्होंने कहा सहायक पुस्तकाध्यक्षों के 771 खाली पदों को नए कैडर कनिष्ठ कार्यालय सहायक पुस्तकालय में परिवर्तित करके सरकार की अधिसूचना के अनुसार स्वीकृत किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 31 जुलाई 2024 तक 4 पद भरे हैं और 767 पद खाली हैं। मौजूदा समय में शिक्षा विभाग में अध्यापन और गैर अध्यापन वर्गों के सभी पदों के युक्तिकरण की प्रक्रिया चल रही है।
