Spread the love

शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में पिछले डेढ़ वर्ष में चिट्टा और अन्य नशा तस्करों के 2947 मामले दर्ज किए गए हैं। इनके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि नशे के ओवरडोज लेने से प्रदेश में 11 लोगों की मौत हुई है। 

विधायक मलेंद्र राजन और दीप राज के संयुक्त सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि अवैध रूप से नशीले पदार्थों के अवैध व्यापार के माध्यम से अर्जित संपत्तियों के 17 मामलों को प्रस्तावित किया गया। इसमें से तीन मामलों में डिटेंशन आदेश पारित किए गए हैं। अन्य मामलों में अभी संबंधित एसएचओ को आरोपियों की जमानत याचिका को उसके पिछले इतिहास और समान अपराध की पुनरावृत्ति के आधार पर विरोध करने और संबंधित विशेष लोक अभियोजन के माध्यम से विशेष अदालत में जमानत रद्द करवाने के प्रयास करने के लिए कहा गया है।

उधर, विधायक सुखराम चौधरी के एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि एचपीटीडीसी के प्रदेश में इस समय 55 होटल हैं। इनमें से 35 होटल घाटे में चल रहे हैं, जबकि 20 होटल ही प्रॉफिट में है। 

वहीं, विधायक नीरज नैय्यर के एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि चंबा मेडिकल काॅलेज में लोगों को संडे और मंडे को भी डायलिसिस की सुविधा प्रदान की जाएगी। 

प्रदेश में इस साल पहली जनवरी से जून तक वनों में आग लगने की 2708 घटनाएं घटी- मुख्यमंत्री

प्रदेश में इस साल पहली जनवरी से 30 जून तक वनों में आग लगने की 2708 घटनाएं घटी हैं। इन घटनाओं में किसी भी व्यक्ति की जान नहीं गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधायक सतपाल सिंह सत्ती, बिक्रम सिंह और इंद्र दत्त लखनपाल के संयुक्त सवाल के जवाब में बताया कि पहली जनवरी से 30 जून 2024 तक प्रदेश में जंगलों में आगजनी के 6 मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है। इनमें 8 लोगों की संलिप्तता पाई गई है, जिनकी छानबीन जारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोलन, हमीरपुर और शिमला में एक-एक, चंबा में दो, कांगड़ा में 3 लोगों की संलिप्तता पाई गई है। उन्होंने बताया कि वनों में आग की घटनाओं की रोकथाम के लिए वन विभाग वन अग्नि रोकथाम एवं नियंत्रण मार्गदर्शिका के उपायों को अपना रहा है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *