Spread the love

सीएम सुक्खू को दी सलाह, कहा- आपके करीबी ही कर रहे नेतृत्व परिवर्तन का इंतजार, पूरा देश इस बात से वाकिफ, लोकसभा चुनावों के बाद प्रदेश में होगा नेतृत्व परिवर्तन 

मंडी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने उन्हें सीएम सुक्खू द्वारा फ्लॉप डायरेक्टर कहे जाने का करारा जबाव दिया है। मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत की नामांकन रैली में जयराम ठाकुर ने सीएम सुक्खू पर गरजते हुए कहा कि फ्लॉप डायरेक्टर वो नहीं, बल्कि सीएम सुक्खू हैं, जिनकी सरकार मात्र 15 महीनों में ही फ्लॉप हो गई। उन्होंने कहा कि “सुख की सरकार” और व्यवस्था परिवर्तन की जो फिल्म सुखविंदर सिंह सुक्खू बना रहे थे वह बुरी तरह से फ्लॉप हो गई है।

जयराम ठाकुर ने सीएम सुक्खू से कहा कि आजकल जो उनके करीबी बने हैं वहीं नेतृत्व परिवर्तन का इंतजार कर रहे हैं। इस बात के संकेत कांग्रेस हाईकमान ने भी दे दिए हैं कि लोकसभा चुनावों के बाद नेतृत्व परिवर्तन तय है। उन्होंने सीएम सुक्खू को ऐसे करीबियों से बचकर रहने की सलाह दी। 

जयराम ठाकुर ने इस मौके पर कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह पर भी तीखा जुबानी हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज विक्रमादित्य सिंह विजन की बड़ी-बड़ी बातें कह रहे हैं। बेहतर होता कि यह विजन उन्होंने अपने परिवार को दिया होता, जिन्होंने मंडी पर इतने लंबे समय तक राज किया तो आज मंडी की दशा कुछ और होती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रत्याशी प्रदेश सरकार की कैबिनेट में बैठकर मंडी के विकास को रोकने वाले निर्णयों पर हस्ताक्षर करते रहे। 

जयराम ठाकुर ने कहा कि मंडी आकर कांग्रेस के नेता जिस तरह से मंडी के मान-सम्मान और स्वाभिमान को ठेस पहुंचा रहे हैं और उसके बाद यहां के लोगों से वोट की उम्मीद रख रहे हैं, ऐसा कभी हो ही नहीं सकता। मंडी को गाली देकर यहां के लोगों से वोट की उम्मीद रखना कांग्रेसी छोड़ दें। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवताओं की धरती है। मंडी माण्डव ऋषि की धरती है। कांग्रेस के नेता देवभूमि और देवभूमि को बेटी का अपमान करके मण्डी संसदीय क्षेत्र के लोगों से सहयोग की अपेक्षा कर रहे हैं। आज के इस अपार जनसैलाब ने बता दिया कि अपमान के बदले सहयोग नहीं मिल सकता है। कांग्रेस के बड़े-बड़े नेताओं ने जब मण्डी का अपमान किया तो हिमाचल कांग्रेस के नेताओं ने भी चुप रह कर उनका समर्थन किया। डेढ़ साल सत्ता में रहने के बाद आज वह अपने काम के नाम पर वोट नहीं मांग रहे हैं। 

जब देश तय कर चुका हो कि हमें मोदी ही चाहिए तो फिर बचा ही क्या – जयराम ठाकुर 

जयराम ठाकुर ने कहा कि ये चुनाव देश के लिए हो रहा है। जब देश तय कर चुका हो कि हमें मोदी ही चाहिए तो फिर बचा ही क्या है। देश नरेंद्र मोदी के साथ खड़ा होगा ऐसी हमें पूरी उम्मीद है। आज की रैली देख कांग्रेसी नेताओं की मंडी को अपमानित कर वोट मांगने की गलतफहमी भी दूर हो जाएगी। निश्चित रूप से मंडी को बदनाम करने की कोशिश करने वालों को इसकी कीमत चुकानी होगी। इस मौके पर उनके साथ भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, पार्टी अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत भी उपस्थित रहे। इससे पूर्व पडल मैदान से सेरी मंच तक भव्य रोड शो हुआ जिसमें हजारों लोगों ने भाग लिया। शहर में पुष्पवर्षा के साथ रोडशो का स्वागत हुआ।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *