मंडी। हिमाचल की मंडी लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार एवं अभिनेत्री कंगना रनोट ने मंगलवार को नामांकन दाखिल किया। कंगना द्वारा दायर शपथ पत्र के अनुसार, उनके पास पास 91,66,31,239 रुपए की चल एवं अचल संपत्ति है। यानी कंगना रनोट संपत्ति के मामले में अपने प्रतिद्वंदी एवं कांग्रेस के विक्रमादित्य सिंह को खूब टक्कर दे रही है।
विक्रमादित्य सिंह के पास 96 करोड़ रुपए की चल व अचल संपत्ति है, जबकि उनकी हिंदू अनडिवाइडिड फैमिली संपत्ति को मिलाकर 100.51 करोड़ की प्रॉपर्टी है। वहीं कंगना रनोट महंगी गाड़ियों के साथ-साथ सोने-चांदे के आभूषणों की भी शौकीन है। कंगना के पास तीन गाड़ी और एक स्कूटी है। वहीं कंगना रनोट पर अलग अलग अदालतों में 8 केस भी चल रहे हैं।
कंगना के पास 3.91 करोड़ की मर्सिडीज-बेंज मेबैक कंगना के पास 3.92 करोड़ की मर्सिडीज-बेंज मेबैक गाड़ी है, जो उन्होंने 2023 में ही ली है। उनके पास 98.25 लाख की बीएमडब्ल्यू, 58.66 लाख की दूसरी मर्सिडीज और 53 हजार 827 रुपए कीमत की वेस्पा स्कूटर भी है।
5 करोड़ का 6.70 किलो सोना, 3 करोड़ की डायमंड ज्वैलरी
कंगना रनोट के पास 5 करोड़ कीमत का 6.70 किलो सोने के ज्वैलरी, 50 लाख कीमत का 60 किलो चांदी और 3 करोड़ कीमत का 14 कैरेट डायमंड व ज्वैलरी है।
वहीं, कंगना की कुल चल संपत्ति 28.73 करोड़ रुपए और 63 करोड़ की अचल संपत्ति है। कंगना के शपथ पत्र के अनुसार, उन पर 17.39 करोड़ की देनदारी है। कंगना की कुल इनकम 2018-19 में सालाना 12 करोड़ रुपए थी, जो 2021-22 में बढ़कर 12.30 करोड़ रुपए हो गई। मगर, 2022-23 में यह एक तिहाई कम होकर 4.12 करोड़ हो गई। भाजपा प्रत्याशी के पास कैश इन हैंड 2 लाख रुपए है।
इससे पहले, कंगना रनोट ने दोपहर सवा 12 बजे मंडी में नामांकन फाइल किया। नॉमिनेशन से पहले रोड शो और इसके बाद सेरी मंच में जनसभा कर शक्ति प्रदर्शन किया। कंगना के नामांकन के वक्त पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल भी मौजूद रहे।
कंगना ने मोदी को बताया भगवान राम काम अंश
इस दौरान कंगना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुणगान किया। कंगना ने प्रधानमंत्री मोदी को एक बार फिर से भगवान राम का अंश बताया और कहा कि मोदी कोई साधारण व्यक्ति नहीं है। कंगना ने कहा- श्रीराम को कांग्रेस ने काल्पनिक किरदार बनाकर टेंट में रखा था। वे चाहते थे कि श्रीराम कभी हुए ही नहीं। सुप्रीम कोर्ट में केस चले। तब केस को लटकाया जा रहा था। जैसे ही प्रधानमंत्री मोदी ऑफिस में आए। उन्होंने राम मंदिर का काम चलाया।
कंगना ने कहा, “कश्मीर में जाने से बच्चा बच्चा डरता था। 90 के दशक में कश्मीरी पंडितों के टुकड़े-टुकड़े करके उन्हें बाहर निकाल दिया गया। तब भारत का प्रशासन भी वहां जाने से डरता था। नरेंद्र मोदी ने उस वक्त झंडा उठाकर ऐलान करके चौराहे पर झंडा गाड़ा और भारत मां के नारे लगाए।”
कंगना ने कहा, “90 के दशक में भारत समझ गया था कि नरेंद्र मोदी कोई साधारण मानव नहीं है। यह भारत का भाग्य विधाता बनेगा। आज मोदी ने 370 हटाकर कश्मीर में भारत का संविधान इतने सालों बाद लागू किया है। कंगना ने नरेंद्र मोदी को एक बार फिर से भगवान राम का अंश बताया और कहा कि वह गिलहरी के तौर पर मोदी सेना में काम कर रही है। यदि वह सांसद बनती है तो वह बहुत बड़ा यश लाएगी।
