कहा – केंद्र में कांग्रेस के 10 वर्ष विनाशकाल और भाजपा के 10 साल अमृतलाल, हिमाचल में सुख की नहीं, दुख की सरकार चल रही
शिमला। लोकसभा और विधानसभा के छह उप चुनावों के लिए भाजपा के केंद्रीय नेताओं ने हिमाचल प्रदेश मोर्चा संभाल लिया है। चुनावी माहौल को अपने पक्ष में बनाने के लिए एक-एक कर केंद्रीय नेता अब हिमाचल आना शुरू हो गए हैं। इसी कड़ी में भाजपा की वरिष्ठ नेता एवं विदेश व संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी रविवार को शिमला में थी।
मीनाक्षी लेखा ने यहां मीडिया से बातचीत में एक ओर जहां केंद्र में कांग्रेस के 10 साल को विनाशकाल करार दिया, वहीं भाजपा के 10 साल को अमृतलाल कहा। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकसभा का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच में गई है, पर कांग्रेस सरकार अपने पिछले 16 महीने का रिपोर्ट कार्ड नहीं दिखा पाई है, यह सुख की नहीं दुख की सरकार है।
भाजपा नेत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 10 वर्षों में भारत को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। यह परिवर्तन सभी क्षेत्रों में दिखाई दे रहा है। चाहे वह रेलवे हो, राजमार्ग हो, स्वास्थ्य सेवा हो, शिक्षा आदि हो। यह प्रधानमंत्री मोदी के ’सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के दृष्टिकोण की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि 2004 से 2014 जब केंद्र में यूपीए की सरकार थी और 2014 से 2024 जब केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार रही, भारत ने अपने दो युगों को साफ-साफ देखा है। एक युग जो विनाशकाल की दृष्टि से देखा जा सकता है और दूसरा अमृतकाल का रहा है।
मीनाक्षी लेखी ने कहा कि नल जल कनेक्शन की दृष्टि से देश में 2014 तक 3.2 करोड़ घरों को नल पहुंचाया गया था और 2024 में देश के 12.7 करोड़ घरों तक नल पहुंचा दिया गया है। ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत 2014 तक देश में 1.79 करोड़ घरों का निर्माण हुआ था। अब 2024 में इन घरों को संख्या 2.9 करोड़ पहुंच गई है। उज्ज्वला योजना के अंतर्गत देश में 2023 तक 9.6 करोड़ घरों तक मोदी सरकार ने गैस कनेक्शन पहुंचाने का काम किया है। यूपीए के समय ऐसी कोई योजना बनाई ही नहीं गई थी। प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना के अंतर्गत देश के 50 करोड़ लोगों को 5 लाख का चिकित्सा बीमा प्रदान किया जा रहा है।
मीनाक्षी लेखी ने कहा कि दुख तो इस बात का है कि हिमाचल प्रदेश में जो सरकार चल रही है वह सुख की सरकार नहीं है, अपितु दुख की सरकार है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार द्वारा बदला-बदली की भावना से काम किया जा रहा है। जहां पूर्व की भारतीय जनता पार्टी सरकार ने हिमाचल प्रदेश में अनेकों जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई और उन योजनाओं को हिमाचल प्रदेश में बंद करने का प्रयास किया जा रहा है।
मीनाक्षी लेखी ने कहा कि यह कांग्रेस की सरकार कुप्रबंधन के लिए जानी जाएगी, जहां अपने 16 महीने के कार्यकाल में इस सरकार ने 25000 करोड़ का ऋण ले लिया है। ऋण लेने में तो इस सरकार ने पूर्व के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। पूर्व की भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने 2012 से 2017 के बीच केवल 17829 करोड़ का ऋण लिया था। उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार पूर्ण रूप से महिला विरोधी है, कांग्रेस को केवल झूठ बोलना आता है और हिमाचल प्रदेश की जनता एवं महिलाओं को गुमराह करना आता है। उन्होंने कहा कि जब विधानसभा चुनाव थे तब वह एक गारंटी लेकर आए थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि पहली कैबिनेट में हम महिलाओं को 1500 रुपये प्रति महीना देंगे। अब लोकसभा चुनाव आ गए तो 1500 रुपए प्रति महीने का एक बार फिर जुमला उन्होंने महिलाओं को दे दिया। विधानसभा चुनावों के दौरान भी एक नीला फॉर्म भरवाया गया था और अब भी एक फार्म भरवाया जा रहा है। ऐसा लगता है कि कांग्रेस पार्टी केवल मात्र वोट प्राप्ति की इच्छा रखती है और जनसेवा की कोई इच्छा नहीं है।
मीनाक्षी लेखी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जब भाजपा की सरकार थी उसने 125 यूनिट बिजली फ्री दिए थे। कांग्रेस ने वादा किया था कि वह 300 यूनिट बिजली फ्री देंगे, परन्तु 16 महीने निकल गए वो 300 यूनिट कहां है? उन्होंने कहा कि इस सरकार ने केंद्र सरकार की सभी योजनाओं को एक-एक करके बंद करने का काम किया है। यहां तक कि आयुष्मान व हिमकेयर योजना के 300 करोड़ उन्होंने नहीं दिये और 1200 करोड़ इनकी लापरवाही की वजह से वापस केंद्र को चला गया है।
