शिमला। हिमाचल में वीरवार को भी कोरोना संक्रमण से दो और लोगों की मौत हो गई है। इन दोनों के कोरोना सैंपल इनकी मौत के बाद लिए गए थे और रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वीरवार को जिन दो लोगों की मौत हुई है, उनमें से एक कांगड़ा जिले से है और दूसरा सोलन जिले से है। कांगड़ा जिले में जिस व्यक्ति की मौत हुई, वह शाहपुर का रहने वाला था और पेशे से अधिवक्ता था। वह पिछले चार दिनों से बीमार था। अचानक तबीयत खराब होने पर उसे बुधवार रात जोनल अस्पताल धर्मशाला लाया गया। जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दौरान उसका कोरोना सैंपल लिया गया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। मृतक का यात्रा इतिहास शिमला का है। उधर, सोलन जिले के नालागढ़ के 45 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना संक्रमण से मौत हुई है। व्यक्ति को सांस की तकलीफ के चलते अस्पताल लाया गया था, लेकिन उसकी मौत हो गई। मौत के बाद उसकी कोरोना संक्रमण की जांच को सैंपल लिया था और इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इस प्रकार प्रदेश में अब तक कोरोना संक्रमण से 21 लोगों की मौत हो चुकी है।
