शिमला। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा है कि वर्तमान कांग्रेस की सरकार को सत्ता में आए 10 महीने हो गए हैं और लगभग 10 हजार करोड़ रुपए का कर्ज यह सरकार ले चुकी है। उन्होंने कहा कि विगत 10 महीने में प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने लगभग 1500 संस्थान इस नाम पर बंद कर दिए कि सरकार के पास इन संस्थानों को चलाने का पैसा नहीं है। उन्होंने कहा कि विगत 10 महीनों में हजारों सरकारी कर्मचारियों को नौकरी से बाहर कर दिया, इस नाम पर कि उनके पास उन्हें देने के लिए पैसे नहीं है।
जॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने एक भी नया अस्पताल, स्कूल, काॅलेज का कार्यालय वर्तमान सरकार ने नहीं खोला। वह केवल इसलिए कि सरकार के पास पैसा नहीं है परन्तु इसी महीने सरकार 1000 करोड़ रुपए का कर्ज ले रही है और इससे पहले भी लगभग 9000 करोड़ रुपए का कर्ज ले चुकी है। सवाल यह है कि विकास बंद है, संस्थान बंद है और कर्ज पर कर्ज लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर इस कर्ज लेने की गति का औसत लगाए तो 1000 करोड़ रुपए प्रतिमाह की औसत आ रही है।
डाॅ. बिन्दल ने कहा कि 5 साल में 60 महीने होते हैं और इस गति से यह कर्ज 60 हजार करोड़ रुपए होगा। उन्होंने कहा कि यह कर्ज लेने की गति तो बिना विकास कार्य के है और यदि कांग्रेस द्वारा गांरटियां पूरी करनी है तो कम से कम 50 हजार करोड़ रुपए और कर्ज चाहिए। इस प्रकार पूर्व सरकारों को, जिसमें कांग्रेस पार्टी की सरकारें शामिल है, को कर्ज लेने के लिए कोसने वाली सुक्खू सरकार उससे दोगुना कर्ज ले रही है अर्थात ‘‘औरों को नसीहत, खुद मियां फजीहत’’ की कहानी चरितार्थ कर रहे हैं। डाॅ. बिन्दल ने कहा कि कांग्रेस सरकार को दूसरों पर दोषारोपण छोड़कर जनता को दी गई गारंटियां पूरी करनी चाहिए।
