Spread the love
शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने प्रदेश में भारी बारिश, बाढ़ व भूस्खलन से लोगों के हुए भारी जानमाल के नुकसान पर कांग्रेस पार्टी के राहत कार्यों पर संतोष जताते हुए कहा है कि संगठन और प्रदेश सरकार के बीच बेहतर तालमेल से प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद की जा रही है। उन्होंने संगठन के नेताओं व कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद करना कांग्रेस का प्रमुख लक्ष्य है, जिसमें वह पूरी तरह सफल हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने सभी ब्लॉकों से नुकसान की रिपोर्ट ली हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की पूरी सरकार राहत व पुनर्निर्माण कार्यो में जुटी है।
प्रतिभा सिंह ने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि वह केवल बयानबाजी कर अपना राजनीतिक हित साधने में लगी है। प्रभावित लोगों को कोई भी राहत भाजपा के नेताओं द्वारा नहीं दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा को प्रभावित लोगों की जरा भी पीड़ा होती तो वह केंद्र सरकार से विशेष मदद का आग्रह करती। उन्होंने कहा कि भाजपा आपदा की इस विकट स्थिति में घड़ियाली आंसू बहा रही है। भाजपा प्रदेश के लोगों को गुमराह नहीं कर सकती।
प्रतिभा सिंह ने भाजपा से फिर आग्रह किया कि वह अपने सभी नेताओं व सांसदों को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिल कर प्रदेश में आई इस आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करवा कर विशेष आर्थिक पैकेज की मांग करे, जिससे प्रदेश में पुनर्निर्माण कार्यो में तेजी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने प्रदेश में आई इस आपदा में हुए भारी जानमाल के नुकसान पर एक भी सांत्वना का शब्द नहीं बोला है जो बहुत ही दुखदाई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *