Spread the love
शिमला। भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार, त्रिलोक कपूर और बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि हिमाचल की जनता एक ही सवाल बार-बार पूछ रही है कि कांग्रेस सरकार की गारंटियां कहां है। उन्होंने कहा कि चुनावी दौर में बड़े-बड़े वादे करने वाली कांग्रेस पार्टी सत्ता में आते ही अपने वादों को भूल गई। कांग्रेस पार्टी में यह कुछ नई चीज नहीं है। सत्ता को पाने के लिए कांग्रेस पार्टी अपने इतिहास में भी ऐसा कई बार कर चुकी है, पर उन्होंने गारंटी तो दी वो कहां है, इसका जवाब तो कांग्रेस के नेताओं को देना ही होगा।

भाजपा नेताओं ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की 22 लाख महिलाएं आज भी अपने हक का इंतजार कर रही है। कांग्रेस सरकार के 9 महीने गुजर गए हैं, पर एक भी ऐसा महीना नहीं आया, जिसमें उनके खाते में 1500 रुपए आए हों। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में तो हिमाचल प्रदेश की महिलाओं को इस गारंटी की काफी याद आती है, क्योंकि जिस प्रकार से हिमाचल के ऊपर एक कठिन दौर आया, उसमें शायद यह राशि महिलाओं के लिए राहत साबित होती।
भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पार्टी और उनकी सरकार से मांग की कि तुरंत प्रभाव से हिमाचल प्रदेश की 22 लाख महिलाओं के खाते में 13500-13500 रुपए की राशि डाली जाए। उन्होंने कहा कि यह हिमाचली महिलाओं की 9 महीने की बकाया राशि है। अन्यथा मजबूरन हिमाचल प्रदेश की महिला और बहनों को सड़कों पर उतरना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समस्त नेताओं ने चुनावों के दौरान कहा था कि पहली कैबिनेट में निर्णय लेते हुए हम हिमाचल प्रदेश की महिलाओं को 1500 रुपए सत्ता में आते ही देना शुरू कर देंगे, पर हुआ क्या। छल, कपट और धोखा, 9 महीने बीत गए। साथ ही रक्षाबंधन गुजर गया, पर प्रदेश की बहनें अपने हक का इंतजार करती रही। उन्होंने मांग की कि सभी महिलाओं के खाते में यह राशि जल्द से जल्द डाली जाए, अन्यथा महिलाएं सड़क पर उतरेंगी।‌

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *