Spread the love
शिमला। भाजपा ने शिमला नगर निगम चुनावों को लेकर अपनी तैयारी तेज कर दी है। इस चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने शुक्रवार को यहां एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में शिमला नगर निगम के वार्ड के प्रभारी भी तैनात किए गए।
बैठक की अध्यक्षता शिमला नगर निगम चुनाव प्रभारी सुखराम चौधरी ने की। बैठक में प्रदेश महामंत्री एवं बिलासपुर से विधायक त्रिलोक जम्वाल, विधायक बलबीर वर्मा, शिमला शहर से भाजपा के प्रत्याशी रहे संजय सूद, शिमला ग्रामीण से प्रत्याशी रहे रवि मेहता, शिमला संसदीय क्षेत्र सह प्रभारी शिशु भाई धर्मा, जिला प्रभारी डेजी ठाकुर, जिला अध्यक्ष विजय परमार, रूप शर्मा, मंडल अध्यक्ष राजेश शारदा, जितेंद्र भोटका, दिनेश शर्मा उपस्थित रहे।
नगर निगम शिमला चुनाव प्रभारी सुखराम चौधरी ने कहा कि इस बैठक में बहुत से महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई और सभी 34 वार्डों के भाजपा द्वारा वार्ड प्रभारियों की नियुक्ति की गई। इस बैठक में सभी वार्डों के बारे में फीडबैक भी ली गई। उन्होंने कहा कि आगामी 2 दिन के अंदर सभी 34 वार्डों में प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम के चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में बड़ा उत्साह देखने को मिला है।
चौधरी ने कहा कि हमें देखने को मिला है कि केंद्र द्वारा प्रायोजित योजनाओं से शिमला शहर को बहुत लाभ हुआ है और वर्तमान की कांग्रेस सरकार के 3 महीने के कार्यकाल से जनता में नकारात्मक माहौल उत्पन हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा नगर निगम चुनावों को गंभीरता से लड़ेगी और एक बार फिर नगर निगम में भाजपा जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि शिमला शहर के संपूर्ण विकास और केंद्र द्वारा विभिन्न योजनाओं से शिमला का समग्र विकास हो इस संकल्प के साथ भाजपा आगे बढ़ेगी।

भाजपा के नियुक्त वार्ड प्रभारी

भाजपा ने नगर निगम के चुनाव के लिए वार्ड स्तर पर प्रभारी नियुक्त किए हैं‌। इसके तहत भराड़ी वार्ड में रोहित सचदेवा, रुल्दू भट्टा में श्रवण शर्मा, कैथू में सुनील धर, अन्नाडेल में योगिंदर योगी, समरहिल में भागेश शर्मा, टुटू में विवेक शर्मा और मज्याठ वार्ड में रंजन भारद्वाज प्रभारी लगाए गए हैं। इसी प्रकार बालुगंज वार्ड में राजेश घई, कच्चीघाटी में रणदीप कंवर, टूटीकंडी में जय चंद, नाभा में अनिल, फागली में राजीव पंडित, कृष्णानगर में राज पाल, राम बाजार में मुकेश शारदा, लोअर बाजार में अजय सरना, जाखू में गोपाल सूद, बेनमोर में योगिंदर पुंडीर, इंजन घर में संजय अग्रवाल, संजौली चौक में गौरव सूद, अप्पर ढली में मंजुला सरैक, लोअर ढली में शालेंद्र चौहान, शांति विहार में राजिंद्र चौहान, भट्टाकुफर में अनूप रोहाल, सांगटी में केशव चौहान, मल्याणा में यशपाल चौहान, पंथाघाटी में राकेश शर्मा, कासुंपटी में राजेश सैनी, छोटा शिमला में अरविंद लखनपाल, विकास नगर में सुशील कडशोली, कंगनाधार में हरी दत्त वर्मा, पटयोग में सोहन लाल शर्मा, न्यू शिमला में मनु भारद्वाज, खलीनी में परवीन ठाकुर और कनलोग में दिग्विजय सिंह चौहान‌ वार्ड प्रभारी होंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *