Spread the love

शिमला। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को गृह राज्य में मोरबी में बड़ा हादसा हुआ और 140 से अधिक लोगों की मौत हुई है, लेकिन उनके पास वहां जाने का समय नहीं है। उन्होंने कहा कि अमित शाह को चुनाव की चिंता ज्यादा है और हिमाचल आकर भी वह अपनी प्रदेश सरकार के कार्यों का जिक्र नहीं कर रहे, बल्कि कांग्रेस नेताओं पर ही बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमित शाह हिमाचल केवल गांधी परिवार के खिलाफ बोलने के लिए ही आए हैं। उन्होंने कहा कि हिमाच का एक भी मुद्दा अमित शाह ने अपनी रैलियों में नहीं उठाया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री देश की खराब हो रही अर्थव्यवस्था, महंगाई और बेरोजगारी पर भी कुछ नहीं बोले।

लांबा ने कहा कि आज देश में भूखमरी बढ़ी है और भारत का इसमें 107वां स्थान है। वहीं, गरीबी में 66वां स्थान है। इसके बार में केंद्रीय मंत्री कुछ नहीं बोल रहे। उनका कहना था कि अमित शाह कांग्रेस पर तो खूब बोलते हैं, लेकिन अपनी पार्टी को नहीं देखते। कांग्रेस में लोकतंत्र है और इसी की बदौलत आज मल्लिकार्जुन खड़गे पार्टी के अध्यक्ष बने हैं। वहीं भाजपा में बिना किसी चुनाव के नागपुर के संदेश से पार्टी अध्यक्ष बनते हैं। उन्होंने गुजरात से नशे की खेप देशभर और हिमाचल आने का भी आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस राज्य में नशे की चपेट में आए युवाओं को इस दलदल से बाहर निकालेगी।

अलका लांबा ने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव आगे बढ़ रहा है, भाजपा के नेता यहां पर धन बल और दुष्प्रचार की राजनीति शुरू करने लगे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा हिमाचल की जनता को मुद्दों से भटकाने के प्रयास में लगी है, लेकिन कांग्रेस ऐसा नहीं करने देगी और इनकी ऐसी गतिविधियों पर पैनी नजर रखी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *