Spread the love

शिमला। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पंजाब के पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंगला ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा कांग्रेस नेताओं पर की गई टिप्पणी पर उन्हें आड़े हाथ लिया है। उन्होंने कहा है कि अमित शाह ने जिस तरह से पूर्व मुख्यमंत्री और आधुनिक हिमाचल के निर्माता स्व. वीरभद्र सिंह के परिवार पर टिप्पणी की है, उससे हिमाचल की जनता के दिलों को चोट पहुंची है और उसका जवाब प्रदेश की जनता 12 नवंबर को देगी। वे आज यहां प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे।

सिंगला ने कहा कि वीरभद्र सिंह और उनके परिवार के लिए पूरा हिमाचल एक परिवार है और ऐसे में अमित शाह की टिप्पणी हिमाचल की जनता पर की गई टिप्पणी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता ने वीरभद्र सिंह को हमेशा अपना प्यार दिया है और उसकी बदौलत वह छह बार हिमाचल के मुख्यमंत्री रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता कांग्रेस पर परिवारवाद की बात करती है, लेकिन अपने घर में नहीं देखती, जहां उसने खुद परिवारबाद को बढ़ाया है और चुनाव में उतारा है।

विजय इंदर सिंगला ने कहा कि हिमाचल में पिछले वर्ष हुए उपचुनावों में भाजपा को करारी शिकस्त मिली थी और अब भाजपा की हिमाचल से विदाई तय है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर उपचुनाव सत्ताधारी दल के पक्ष में जाते हैं, लेकिन यहां पर ऐसा नहीं हुआ। यहां पर भाजपा सरकार की नाकामियों से कांग्रेस ने सभी उपचुनाव जीते। उन्होंने कहा कि अमित शाह ने हिमाचल आकर प्रदेश की भाजपा सरकार का जिक्र नहीं किया, क्योंकि इस सरकार की कोई उपलपब्धि ही नहीं है। उन्होंने कहा कि अब हिमाचल को जनता भाजपा सरकार के खिलाफ करारी चोट करेगी और यहां पर कांग्रेस की सरकार बनाने जा रही है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि हिमाचल में भाजपा सरकार ने युवाओं को रोजगार नहीं दिया और जो भर्ती हुई है, उसमें पेपर लीक हुए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में करीब 9 लाख पंजीकृत बेरोजगार हैं और इन्हें रोजगार नहीं मिल रहा है। भाजपा सरकार ने यहां पर ग्लोबल इन्वेस्टर मीट करवाई थी और 96 हजार करोड़ रुपए के एमओयू साइन किए थे, लेकिन वे जमीन पर नहीं उतरे और युवाओं को रोजगार नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि आज स्थिति यह है कि हिमाचल में बेरोजगारी की दर राष्ट्रीय दर से अधिक है।

सिंगला ने कहा कि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने हिमाचल के युवाओं से वादा किया है कि सरकार बनने पर पहली कैबिनेट में एक लाख नौकरियों की मंजूरी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने युवाओं को रोजगार देने की गारंटी दी है और इसे पार्टी पहली बैठक से ही पूरा करने पर कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की 10 गारंटियों से भाजपा बौखला गई है और अब हताशा में अनाप-शनाप बयानबाजी करने लगी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जनता से जो-जो वादे किए हैं, उसे वह हर हाल में पूरा करती है और भाजपा की तरह वादे करने के बाद उसे नहीं भूलती।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *