Spread the love
शिमला। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने घोषणा पत्र बनाने की कसरत तेज कर दी है। घोषणा पत्र बनाने के मुद्दे पर पार्टी जिला स्तर पर लोगों से फीड बैक लेगी। जिला स्तर पर फीड बैक लेने के मकसद से पार्टी ने मंत्रियों को प्रभारी बनाया है। प्रभारी मंत्री जिला स्तर पर लोगों से फीड बैक लेकर घोषणा पत्र समिति को सौंपेंगे। आम लोगों के साथ साथ समाज के प्रत्येक वर्ग के सुझाव घोषणा पत्र के लिए लिए जाएंगे।
भाजपा चुनाव दृष्टि पत्र कमेटी के अध्यक्ष प्रो. सिकंदर कुमार ने बताया कि पार्टी ने शिमला स्थित भाजपा कार्यालय में चुनाव सुझाव पेटी को लांच किया है। उन्होंने बताया की भाजपा ने चुनाव दृष्टि पत्र के सुझाव एकत्रीकरण अभियान के अंतर्गत एक व्हाट्स एप नंबर 7838178282 और वेबसाइट बनाई है जिसके माध्यम से समिति के पास बड़ी संख्या में सुझाव आ रहे हैं। जो लोग इन सुविधाओं के माध्यम से सुझाव नही भेज पा रहे हैं, वो सभी सुझाव पेटी के माध्यम से भी समिति को सुझाव भेज सकेंगे। सुझाव पेटी भाजपा के प्रचार वाहनों में भी उपलब्ध होगी।

चुनाव दृष्टि पत्र के प्रचार प्रसार के लिए भाजपा ने सभी जिलों के मंत्री प्रभारी भी नियुक्त किए हैं। सभी मंत्री प्रभारी अपने-अपने प्रभार जिलों में चुनाव दृष्टि पत्र के सुझाव एकत्रीकरण अभियान को लेकर प्रेस वार्ता करेंगे और प्रचार-प्रसार भी करेंगे, ताकि ज्यादा से ज्यादा सुझाव आम जनता चुनाव दृष्टि पत्र के लिए दे और उसके आधार पर भाजपा का दृष्टि पत्र आने वाली भाजपा सरकार में एक नीतिगत दस्तावेज बने। मंत्री प्रभारी सुझाव एकत्र करने के लिए घर-घर जाने के अभियान में भी भाग लेंगे।
उन्होंने बताया की जिला देहरा और पालमपुर के प्रभारी मंत्री बिक्रम ठाकुर, नूरपुर एवं कांगड़ा के प्रभारी राकेश पठनिया, हमीरपुर के प्रभारी उप सचेतक कमलेश कुमारी, ऊना के प्रभारी वीरेंद्र कंवर, बिलापुर के प्रभारी राजेंद्र गर्ग, शिमला के प्रभारी सुरेश भारद्वाज, लाहौल स्पीति के प्रभारी डॉ. राम लाल मारकंडा, सोलन के प्रभारी डॉ. राजीव सैजल, कुल्लू में गोविंद ठाकुर, मंडी महेंद्र सिंह ठाकुर, सिरमौर के सुखराम चौधरी, चम्बा के प्रभारी मुख्य सचेतक विक्रम जरयाल और किन्नौर के प्रभारी वन निगम के उपाध्यक्ष सूरत नेगी नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी के संयुक्त प्रयासों से भाजपा चुनाव दृष्टि पत्र समिति के पास ज्यादा से ज्यादा सुझाव आएंगे और भाजपा एक मजबूत दृष्टि पत्र जनता के बीच ले जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *