कुल्लू। स्थानीय क्षेत्र विकास प्राधिकरण (लाडा) कमेटी की बैठक का आयोजन ज़िला परिषद भवन कुल्लू के सभागार में किया गया। इसकी अध्यक्षता उपायुक्त अशुतोष गर्ग ने की। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि एनएचपीसी की पार्वती जलविद्युत परियोजना द्वितीय चरण की ओर से स्थानीय क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष (उपायुक्त) के माध्यम से 50 करोड़ रुपये का अंशदान किया गया है। उन्होंने कहा कि एनएचपीसी ने इससे पूर्व भी परियोजना से प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्य करने के लिए अंशदान किया है। उन्होंने कहा कि इस राशि का उपयोग परियोजना से प्रभावित क्षेत्र के विकास के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय क्षेत्र विकास प्राधिकरण के माध्यम से 70 प्रतिशत राशि पंचायतों के माध्यम से खर्च की जाती है (50 प्रतिशत प्रभावित पंचायतों तथा 20 प्रतिशत क्षेत्र को) इसके साथ ही 15 प्रतिशत राशि प्रभावित विकासखंड तथा 15 प्रतिशत प्रभावित ज़िला के माध्यम से खर्च की जाती है।
उपायुक्त ने कहा कि स्थानीय क्षेत्र विकास प्राधिकरण के तहत जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में विभिन्न विकास कार्य किये जा रहे हैं। मदवार मुद्दों पर बात करते हुए हुए सर्वप्रथम सदन में लाडा के अंतर्गत किये जा रहे विकास कार्यों की कार्योत्तर मंज़ूरी दर्ज की गई। इसके पश्चात उन्होंने परियोजना प्रभावित पंचायतों, प्रभावित ज़ोन के अंश के बारे में सभी को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि लाडा निधि के माध्य्म से कुछ महत्वपूर्ण विकास कार्यों को शीघ्र ही पूरा किया जाएगा जिसमें बीडीओ कार्यालय भून्तर, अटल ज्ञान केन्द्र पतलीकूहल निर्माण 25 लाख से, रोरिख मेमोरियल ट्रस्ट भवन की मुररम्मत, क्षेत्रीय अस्पताल की साथ पार्किंग, वेंडर मार्किट व स्टेडियम 2 करोड़ 63 लाख से, ज़िला पुस्तकालय के अतिरिक्त खण्ड का निर्माण 63 लाख, रामबाग में शहीद स्मारक 35 लाख, बिजली महादेव में इको टूरिस्म साइट 1 करोड़ 56 लाख, वेटनरी पॉलीक्लिनिक तथा ऑपरेशन थियेटर 6.29 लाख, सैंज में इंडोर स्पोर्टस कॉम्लेक्स 3.5 करोड़, प्रभावित क्षेत्रों के मेधावियों के लिए प्रतिवर्ष स्कॉलरशिप का प्रावधान इत्यादि का निष्पादन किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त पैराग्लाइडिंग साइट डोभी के सुधार हेतु 15 लाख, लोकभवन छिन्जरा के निर्माण को पूर्ण करने पर 15 लाख,पुलिस लाइन बाशिंग के मुररम्मत हेतु 10 लाख, नेचर इंटरप्रेटेशन केन्द्र जलोड़ी के सौंदर्यीकरण पर 20 लाख शौचालयों के निर्माण पर 34 लाख ख़र्च किये जायेंगे।
इस अवसर पर विधायक बंजार सुरेन्द्र शौरी, विधायक कुल्लू सुन्दर सिंह ठाकुर, अध्यक्ष ज़िला परिषद पंकज परमार, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी प्रशान्त सरकेक, एसडीएम विकास शुक्ला, परियोजना प्रबंधक निर्मल सिंह सहित सभी प्रभावित प्रभावित पंचायतों के प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
