शिमला। कसुम्पटी के विधायक अनिरुद्ध सिंह ने कहा है कि उन्होंने अपने चुनाव क्षेत्र के अधिकतर गांव को सड़क सुविधा से जोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि उनका पूरा प्रयास है कि लोगों को मूलभूत सुविधाएं उनके घर द्वार पर ही उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि कसुम्पटी को विकास का मॉडल आदर्श चुनाव क्षेत्र बनाने में वह कोई कोर कसर बाकी नही रखेंगे। वे शनिवार को कसुंपटी चुनाव क्षेत्र के बन्नी पंचायत व मखडोल पंचायत में विधायक आपके द्वार कार्यक्रम में शिरकत करते हुए बोल रहे थे।
अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि वह सदैव कसुम्पटी चुनाव क्षेत्र के लोगों के ऋणी रहेंगे। उन्होंने कहा कसुम्पटी चुनाव क्षेत्र के सभी लोग उनके परिवार के हैं, इसलिए वह कभी भी उनसे मिलकर अपनी किसी भी समस्या को उनके समक्ष रख सकतें है। उन्होंने प्रदेश सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा के इस शासनकाल में बेरोजगारी व महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़ कर रख दी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण लोगों विशेषकर महिलाओं को घर चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पुलिस भर्ती पेपर लीक मामला भाजपा सरकार पर एक ऐसा धब्बा है जो धोने से भी साफ नहीं होगा। उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवाओं के भविष्य के साथ एक बड़ा खिलवाड़ किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री इसकी जांच सीबीआई से करवाने से बच रहे हैं। इसका साफ मतलब है कि वह दोषियों को बचाना चाह रहे हैं।
अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आते ही कर्मचारियों की ओल्ड पेंशन लागू करेगी। उन्होंने कहा कि किसानों-बागवानों के हितों की पूरी रक्षा की जाएगी। इस दौरान अनिरुद्ध सिंह ने क्षेत्र की समस्याओं को भी सुना और उन्हें दूर करने का आश्वासन भी दिया। इस अवसर पर उनके साथ कसुम्पटी ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष रामकृष्ण शांडिल, महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रिंकू वर्मा, चमन ठाकुर, मनोज ठाकुर, संजय ठाकुर, अशोक ठाकुर, रुचिका सिंह, मधु कंवर, बलविंदर सिंह, शशि ठाकुर, अंजना चौहान, सुरेंद्र ठाकुर, सुरेन्द्र वर्मा, तनु भारद्वाज, उमा वर्मा, रिचा वर्मा, गौरव, कमल शर्मा, कुलदीप ठाकुर, प्रताप वर्मा, राजीव शर्मा, रिंकू ठाकुर, केदार वर्मा व रवि वर्मा प्रमुख लोगों में शामिल थे।