बिलासपुर। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेन्द्र गर्ग ने सोमवार को घुमारवीं में लगभग 26 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले लघु सचिवालय का भूमि पूजन किया। इसके बाद जनसभा को सम्बोधित करते हुए गर्ग ने कहा कि आज से घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में नए अध्याय का सूत्रपात हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में मिनी सचिवालय के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के समक्ष मांग रखी गई थी, जिसे स्वीकार करते हुए पिछले वर्ष भराड़ी प्रवास के दौरान उन्होंने इसकी आधारशिला रखी थी और आज इसका विधिवत भूमि पूजन किया गया है।
गर्ग ने कहा कि इस पांच मंजिला भवन वाले मिनी सचिवालय में 14 मुख्य कार्यालय खोले जाने के साथ पार्किंग व कैंटीन की सुविधा भी होगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए 16 करोड़ रुपए के टैंडर कर दिए गए हैं और 10 करोड़ रुपए की राशि उपलब्ध भी हो गई है। उन्होंने कहा कि इस साढ़े चार सालों में प्रदेश में चहुंमुखी विकास हुआ है, जबकि 2 साल कोरोना काल में चले जाने के बावजूद मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व, संकल्प व इच्छा शक्ति से प्रदेश को शिखर पर ले जाने के प्रयास सतत जारी रहे।
मंत्री ने विकास कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में विकास को गति देने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं लोगों को उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि नागरिक चिकित्सालय घुमारवीं को 50 से 100 बिस्तरों वाला किया गया है और इसके अतिरिक्त 5 से 10 विशेषज्ञ डाक्टर, 8 स्टाफ नर्सें व पैरा मैडिकल स्टाफ अपनी सेवाएं दे रहा है तथा सभी विधानसभा के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में डाक्टर उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि भराड़ी अस्पताल को 30 से 50 बिस्तरों वाला कर दिया गया है। वहीं एमडी मेडिसन भी अपनी सेवाएं प्रदान कर रहा है। इसके अतिरिक्त नागरिक चिकित्सालय घुमारवीं में आई.पी.डी भवन का कार्य सितम्बर, 2022 तक पूर्ण कर लिया जाएगा, जिसकी लागत 8 करोड़ रुपए से ज्यादा है।
गर्ग ने कहा कि हर गांव को सड़क सुविधा से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि 70 करोड़ रुपए की लागत से विधानसभा क्षेत्र की 20 बड़ी सड़कों को अपग्रेड किया गया है। इसके अतिरिक्त 82 करोड़ रुपए की लागत से पड़यालग से लदरौर सड़क का कार्य युद्व स्तर पर जारी है जिसके डंगे और सुरक्षा दिवार लगाई जा रही है। 5 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से शिल्ह-टिक्कर-महरोल सड़क का कार्य भी प्रगति पर है और 3 करोड़ की लागत से पिछड़ा ग्रामीण क्षेत्र त्यूणखास-शिल्ह-मैहरन से वाया नैण सड़क का निर्माण भी लगभग पूर्ण हो चुका है। इस अवसर पर एसडीएम घुमारवीं राजीव ठाकुर, मंडल अध्यक्ष सुरेश ठाकुर, महामंत्री राजेश शर्मा, जिला भाजपा प्रवक्ता प्रेम सागर भारद्वाज, शहरी इकाई के अध्यक्ष कर्म चंद चंदेल, पार्षद सुरेन्द्र कुमार शर्मा, कुलदीप लखनपाल, मिलखी राम आजाद, संदीप शर्मा, व्यापार मण्डल के अध्यक्ष हेमराज सांख्यान, युवा मोर्चा के दिनेश ठाकुर, सौरव, विशाल रत्वान, जिला कोषाध्यक्ष कमल महाजन, निदेशक प्रवीण शर्मा, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण दीपक कपिल, अधिशाषी अभियंता विद्युत मनोज पुरी, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति अरविंद वर्मा, बीडीओ मनोज कुमार सहित अनेक गणमान्य उपस्थित थे।
