Spread the love

शिमला।

नगर निगम के कार्यकाल के दौरान शिमला नगर निगम के वार्ड नम्बर 21 लोअर ढली में लगभग 120 करोड़ 83 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिनमें से अधिकांश कार्य पूरे किए जा चुके हैं। शहरी विकास, आवास, नगर नियोजन, संसदीय कार्य, विधि एवं सहकारिता मंत्री सुरेश भारद्वाज ने यह बात वार्ड नम्बर 21 लोअर ढली में 3 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से निर्मित पार्किंग के उद्घाटन अवसर पर अपने संबोधन में कही।

सुरेश भारद्वाज ने कहा कि सतत विकास की कटिबद्धता के तहत सरकार ने शिमला नगर निगम के सभी वार्डों में समान विकास किया है। उन्होंने कहा कि शिमला स्मार्ट सिटी अमरूत मिशन के साथ-साथ नगर निगम द्वारा भी लोगों को सुविधाएं प्रदान करने का क्रम निरंतर जारी है। उन्होंने कहा कि शिमला नगर में पार्किंग व्यवस्था को सुधारने व सुविधा उपलब्ध करवाने की दृष्टि से अनेक जगहों पर छोटे व बड़े पार्किंग स्थलों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ढली में बस अड्डा निर्मित होने से जहां करसोग व ऊपरी शिमला जाने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी, वहीं इस क्षेत्र में व्यापार और रोजगार बढ़ेगा।
भारद्वाज ने कहा कि शिमला स्मार्ट सिटी के तहत ढली में 54 करोड़ रुपए से बन रही सुरंग अत्यंत तेजी व वैज्ञानिक आधार पर निर्मित हो रही है। उन्होंने बताया कि सम्पूर्ण शिमला शहर में 37 किलोमीटर पैदल मार्ग का निर्माण किया गया है। उन्होंने कहा कि पर्यटकों को यदि सुविधा और साधन प्रदान किए जाएंगे तो पर्यटन व्यवसाय बढ़ेगा और लोगों की आर्थिकी सुदृढ़ होगी। इसके दृष्टिगत विभिन्न जगहों पर एस्केलैटर्ज़ व लिफ्ट आदि का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वार्ड 21 में हुए विकास कार्य इन्हीं साढ़े चार वर्षों में किए गए हैं। उन्होंने कहा कि न केवल ढली अपितु अन्य जगह पर निर्मित पार्किंग में स्थानीय लोगों को पहले आओ, पहले पाओ की तर्ज पर स्थान मिले, इसके लिए नगर निगम विचार कर नीति बनाएं। सुरेश भारद्वाज ने अपनी ऐच्छिक निधि से सरस्वती विद्या मंदिर ढली तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ढली को 21-21 हजार रुपए देने की घोषणा की।
अपने संबोधन में इस वार्ड के पार्षद व उपमहापौर शैलेंद्र चौहान ने बताया कि वार्ड में लगभग 115 विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। इनमें से 77 कार्यों को पूर्ण किया जा चुका है तथा शेष कार्य जल्द पूर्ण कर जनता को समर्पित कर लाभान्वित किया जाएगा। उन्होंने शहरी विकास मंत्री द्वारा ढली में निर्मित हो रहे बस अड्डे के लिए 12 करोड़ रुपए शिमला स्मार्ट सिटी मिशन से एचआरटीसी विभाग को देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने ढली सुरंग से मशोबरा तक सड़क को चौड़ा करने व पैदल पथ निर्माण के लिए स्मार्ट सिटी के तहत 13 करोड़ रुपए देने का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि आज समर्पित इस पार्किंग में लगभग 150 के करीब गाड़ियों को खड़ी करने की व्यवस्था है, जिससे यहां के लोगों को अत्यंत सुविधा मिलेगी।
महापौर शिमला नगर निगम सत्या कौंडल ने नगर निगम अमरूत योजना स्मार्ट सिटी के तहत नगर निगम क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया। कसुम्पटी क्षेत्र से प्रत्याशी रही विजय ज्योति सैन विगत साढ़े चार वर्षों के दौरान कुसुम्पटी क्षेत्र में प्रदेश सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों का उल्लेख किया।
कार्यक्रम में मनोनीत पार्षद दीपक शर्मा, राजेन्द्र चौहान, आयुक्त नगर निगम आशीष कोहली, उपमण्डलाधिकारी शिमला शहरी भानु गुप्ता, व्यापार मण्डल ढली के अध्यक्ष चन्द्र शेखर एवं महासचिव अशोक सूद, महिला मोर्चा मण्डल प्रभारी प्रतिभा बाली तथा अन्य पदाधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *