Spread the love
सोलन। केन्द्रीय ऊर्जा एवं भारी उद्योग राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि केन्द्र सरकार विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लक्षित वर्गों को समय पर लाभान्वित करने के लिए दृढ़ संकल्प है, ताकि समाज के सभी वर्ग आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बन सकें। कृष्ण पाल गुर्जर आज यहां विभिन्न केन्द्रीय योजनाओं के लाभार्थियों के साथ संवाद एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
गुर्जर ने विभिन्न केन्द्रीय योजना के लाभार्थियों के साथ बातचीत की और योजनाओं के संबंध में लाभार्थियों से फीडबैक प्राप्त किया। केन्द्रीय ऊर्जा राज्य मंत्री ने कहा कि विभिन्न योजनाओं की सफलता अधिकारी एवं कर्मचारियों की कार्य कुशलता एवं संवेदनशीलता पर भी निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि सरकार अपने अधिकारी एवं कर्मचारी के सहयोग से ही आशातीत सफलता प्राप्त कर रही है।
कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि देश के संसाधनों पर पहला हक गरीब का है। देश को मज़बूत बनाने के लिए गरीब व्यक्ति को सशक्त करना आवश्यक है, इसलिए केन्द्र सरकारी की हर योजना गरीब कल्याण को समर्पित है। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी और ग्रामीण), प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, पोषण अभियान, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी और ग्रामीण), जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल योजना, प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर योजना, एक राष्ट्र एक राशन कार्ड, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, आयुष्मान भारत हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के लाभार्थियों के साथ संवाद किया।
उपायुक्त सोलन कृतिका कुलहरी ने केन्द्रीय राज्य मंत्री का स्वागत किया तथा उन्हें आश्वस्त किया कि जि़ला प्रशासन सोलन विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभ लक्षित वर्गों को समय पर पहुंचाने के लिए कार्यरत है। उन्होंने कहा कि जि़ला में अब तक महत्वाकांक्षी मुद्रा योजना की शिशु, किशोर और तरूण श्रेणियों में 29870 लाभार्थियों को 746 करोड़ रुपए के ऋण वितरित किए गए हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से सोलन जि़ला के 79470 किसान लाभान्वित हुए हैं।
बैठक में अवगत करवाया गया कि जि़ला में इस वर्ष 15206 परिवारों के 21112 लाभार्थियों को महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोज़गार अधिनियम (मनरेगा) से लाभान्वित करने पर 14.42 करोड़ रुपये खर्च किए गए है। अमृत सरोवर योजना के तहत 110 तालाब निर्मित स्थान कर 86 तालाबों का निर्माण कर लिया गया है। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 1236 शौचालय निर्मित किए गए हैं और प्रत्येक लाभार्थी को 12 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई है।
बैठक में जानकारी दी गई कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 416 समूह बनाए गए हैं। इनसे 18500 सदस्यों को जोड़ा गया हैं। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत 18563 लाभार्थियों को 8.18 करोड़ रुपए की राशि प्रदान की गई है। गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 2 लाख 30 हजार लाभार्थियों को प्रत्येक माह 02 किलो चावल व 03 किलो गेहूं उपलब्ध करवाई जा रही है। उज्ज्वला योजना से सोलन जि़ला के 12098 लाभार्थी लाभ पा रहे हैं।
केन्द्रीय ऊर्जा राज्य मंत्री ने कंडाघाट स्थित कृषि विज्ञान केन्द्र का किया दौरा
केन्द्रीय ऊर्जा राज्य मंत्री ने तदोपरांत कंडाघाट स्थित कृषि विज्ञान केन्द्र का दौरा किया और वहां स्थानीय प्रगतिशील किसानों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने इस अवसर पर प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना के तहत उत्पादित फसलों की जानकारी प्राप्त की और प्रगतिशील किसानों से बातचीत कर योजना के विषय में जाना। उन्होंने कृषि विज्ञान का भ्रमण भी किया। इस अवसर पर सहायक आयुक्त सोलन संजय स्वरूप सहित जि़ला के वरिष्ठ अधिकारी एवं डॉ. यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के वैज्ञानिक उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed