Spread the love

कर्मचारी हितों के लिए 28 वर्षों तक किया संघर्ष, चंद्र सिंह मंडयाल के निधन से यूनियन को अपूरणीय क्षति

शिमला। हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड इम्प्लॉइज यूनियन ने हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड पेंशनर्ज फोरम के महासचिव एवं वरिष्ठ कर्मचारी नेता चंद्र सिंह मंडयाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। यूनियन ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके निधन से प्रदेश के कर्मचारी एवं पेंशनर आंदोलन ने एक अनुभवी, समर्पित और संघर्षशील नेतृत्व खो दिया है। कर्मचारी हितों के लिए उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा।

हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड इम्प्लॉइज यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष नीतीश भारद्वाज, महासचिव प्रशांत शर्मा, पैट्रन हीरा लाल वर्मा तथा यूनियन के समस्त पदाधिकारियों ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। यूनियन ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवारजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

यूनियन के महासचिव प्रशांत शर्मा के अनुसार, चंद्र सिंह मंडयाल वर्ष 1979 से 2007 तक लगातार 28 वर्षों तक हिमाचल बिजली बोर्ड इम्प्लाइज यूनियन के महासचिव रहे। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों के अधिकारों, हितों और कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर संघर्ष का नेतृत्व किया तथा कर्मचारियों की जायज मांगों को पूरा करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सेवानिवृत्ति के बाद भी वह कर्मचारी एवं पेंशनर हितों के प्रति समर्पित रहे। हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड पेंशनर्ज फोरम के महासचिव के रूप में उन्होंने पेंशनरों की समस्याओं और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार कार्य किया। उनका संघर्षशील व्यक्तित्व, संगठनात्मक क्षमता और कर्मचारी वर्ग के प्रति अटूट प्रतिबद्धता सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी।

यूनियन नेता ने कहा कि चंद्र सिंह मंडयाल का जीवन कर्मचारी एकता, अधिकारों की रक्षा और सामूहिक संघर्ष की मिसाल रहा है। उन्होंने अपना जीवन कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों के लिए समर्पित किया। उनके नेतृत्व में किए गए संघर्ष और कर्मचारी वर्ग के कल्याण के लिए उनके प्रयास हमेशा स्मरणीय रहेंगे। उनका निधन यूनियन सहित समूचे कर्मचारी एवं पेंशनर आंदोलन के लिए अपूरणीय क्षति है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed