शिमला। जुब्बल-नावर-कोटखाई के युवा नेता चेतन सिंह बरागटा ने रविवार को जुब्बल जोन के कार्यकर्ताओं के साथ हाटकोटी में बैठक कर आगामी रणनीति बनाई। इस बैठक के लिए हाटकोटी पहुंचे चेतन बरागटा का कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जय श्रीराम के नारे भी लगे।
उधर, मीडिया से बात करते हुए चेतन सिंह बरागटा ने कहा कि इस बैठक में आगामी रणनीति पर विस्तार पूर्वक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं व समर्थकों का अपार स्नेह, सहयोग एवं एकता ही उनकी ताकत है। उनके पिता जी का जीवन संघर्षशील रहा और वे भी उनके पदचिन्हों पर चलते हुए सदैव संघर्षरत हूं।
बरागटा ने जुब्बल-कोटखाई के विधायक रोहित ठाकुर को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वह ठियोग-हाटकोटी सड़क का राग अलापना छोड़ दे। क्योंकि इसका कार्य लगभग समाप्ति पर पहुंच गया है और पुलों का निर्माण कार्य भी अंतिम चरण पर पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा ब ठियोग-हाटकोटी सड़क के कार्यों को गति देने के लिए स्व. नरेंद्र बरागटा ने बजट की व्यवस्था करवाई थी। बरागटा ने कहा कि उप चुनाव के बाद उन्होंने 8 महीने का समय विधायक रोहित ठाकुर को दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि आज रोहित ठाकुर हर मोर्चे पर फेल हुए हैं। जनता के सामने कांग्रेस के नेता रोहित ठाकुर की पोल खुल चुकी है।
चेतन सिंह बरागटा ने कहा कि हाटकोटी मंदिर के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 5 करोड़ की राशि स्वीकृति दी थी। इसके चलते कार्य आरंभ हुआ था, लेकिन इस कार्य को लेकर अनियमितताओं की बात सामने आई है जो कि बिलकुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने खेद जताया कि हाटकोटी मंदिर के कार्य पर अनियमितता बरतने के लिए विधायक रोहित ठाकुर ने कोई भी प्रतिक्रिया नहीं दी। इससे स्पष्ट होता है कि उनका जनहित कार्यों से कोई सरोकार नहीं है, वह केवल मात्र वोटों की राजनीति करते आए हैं।
चेतन सिंह बरागटा ने कोटखाई में SDM की स्थायी नियुक्ति पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार व्यक्त किया व मांग की कि जल्द ही जुब्बल को भी स्थाई SDM दिया जाए। उन्होंने कहा कि स्व. नरेन्द्र बरागटा का दोनों जगह जुब्बल व कोटखाई में SDM कार्यलय खुलवाने के जो सपना था, उसे मुख्यमंत्री ने धरातल पर पूरा भी किया। इसके लिए जुब्बल नावर कोटखाई की जनता की ओर से वे मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हैं।
बरागटा ने पानी की ब्रिक्स योजना, सिंथेटिक ट्रैक सरस्वती नगर, गिरी गंगा कुपड़ को टूरिज्म की दृष्टि से विकसित करना तथा देवरी घाट में पैरा ग्लाईडिंग जैसे कार्य को गति देने की मांग जयराम सरकार से की है।
