Spread the love

शिमला। कांग्रेस ने मांग की है कि हिमाचल प्रदेश पुलिस भर्ती घोटाले में तत्काल प्रभाव से हाईकोर्ट की निगरानी में न्यायिक जांच आयोग गठित किया जाए या फिर मामले की सीबीआई जांच करवाई जाए। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी राजीव शुक्ला ने यह बात राजस्थान के उदयपुर में चल रहे कांग्रेस के नव संकल्प चिंतन शिविर में कही। 

राजीव शुक्ला ने कहा कि हाल ही में हिमाचल प्रदेश में जो कुछ हुआ वह सभी के लिए चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि पुलिस भर्ती का घोटाला हिमाचल प्रदेश के उन दो लाख बेरोजगार युवाओं के साथ धोखा है जिन्होंने परीक्षा की तैयारी की थी और मेहनत कर परीक्षा दी थी।‌ उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस निश्चित रूप से पुलिस भर्ती घोटाले को पूरी तरह से उजागर करके सरकार को कटघरे में खड़ा करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का पूरा प्रयास होगा कि इस तरह के घोटालों को उजागर कर डबल इंजन सरकार का सच जनता के सामने लाया जाए। 

राजीव शुक्ला ने बताया कि कांग्रेस के तीन दिवसीय चिंतन शिविर में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के तमाम नेता मौजूद रहे। इसमें प्रदेश की समस्याओं को लेकर गहन चर्चा हुई और आगामी चुनावों की रणनीति पर भी व्यापक विचार विमर्श हुआ। इस दौरान उनके साथ हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नवनियुक्त अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू सहित अन्य कांग्रेस नेता उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *