शिमला। हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी ने कहा है कि हिमाचल में बनने बाला सीमेंट हिमाचल के लोगों के लिए 35 रुपए और बढ़ाकर लगातार महंगा बेचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में सीमेंट के दामों में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है और वे इसकी कड़ी निंदा करते हैं।
नेगी निगम भंडारी ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार इस पर किसी तरह का नियंत्रण करने में पुरी तरह से विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों की वजह से पहले ही प्रदेश की जनता आसमां छू रही मंहगाई की मार झेल रही है और अब राज्य सरकार के तुगलकी फरमान ने सीमेंट के दामों में 35 रुपए की बढ़ोतरी कर हिमाचल वासियों को चुनावी वर्ष में तोहफा दिया है। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों के कारण हिमाचल प्रदेश में बनने वाला सीमेंट अन्य राज्यों की तुलना में पहले ही महंगा बेचा जा रहा है। अब 35 रुपए प्रति बैग के दाम बढ़ाकर भाजपा सरकार ने सभी वर्गों की कमर तोड़ दी है।
नेगी ने राज्य सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि निर्माण सामाग्री सीमेंट, सरिया, रेत, बजरी व ईंटें सहित के आसमां छू रहे मूल्यों के कारण इस महंगाई में अपना घर बनाने के सपने को पूरा करने के लिए हिमाचल की जनता को और भी परेशानियां बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि तरह-तरह के प्रलोभन देने वाली प्रदेश की भाजपा सरकार अपने साढ़े चार वर्षों के कार्यकाल में सीमेंट के दामों पर नियंत्रण करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि कंपनी और भाजपा सरकार की मिलीभगत से हिमाचलियों को महंगा सीमेंट बेचा जा रहा है। यही कारण है कि चुनावी वर्ष में जनता को झूठे प्रलोभन देकर सीमेंट के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी पर भाजपा पूरी तरह से चुप्पी साधे हुए है।
