शिमला। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा पेश बजट को झूठे आंकड़ों का मायाजाल करार दिया। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी में जब अर्थव्यवस्था धरातल पर पहुंच गई है तो हिमाचल की अर्थव्यवस्था में 8.3 फीसदी की बढ़ोतरी का अनुमान कैसे लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा पेश बजट से प्रदेश के विकास के लिए भारी आशाएं थी, लेकिन वे सभी धूमिल हो गई।
अग्निहोत्री ने कहा कि चंद चुनावी घोषणाओं के अलावा बजट में कुछ भी नहीं है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को बजट से आशाएं थी, उनके बारे में बजट मौन है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी आंदोलन कर रहे हैं और उन्हें आज बजट से बहुत उम्मीदें थी, लेकिन मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों के चलताऊ तरीके से निपटा दिया और दो साल के राइडर तथा ओपीएस के बारे में चुपी साध ली। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आज हिमाचल के कर्मचारी सरकार सबसे अधिक निराश हैं।
