शिमला। माकपा विधायक राकेश सिंघा ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा पेश किए गए बजट का यह कहते हुए विरोध किया कि बजट में महंगाई पर एक शब्द भी नहीं है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के कारण लाखों लोगों का रोजगार जा चुका है और महंगाई सातवें आसमान पर है। इसके बावजूद सरकार ने आम लोगों को बजट में महंगाई से राहत दिलाने के लिए एक भी बात नहीं कही है। सिंघा ने कहा कि सरकार ने बजट में पैसे देने की घोषणाएं तो कर दी, लेकिन यह पैसा कहां से आएगा, इस बारे में कुछ भी नहीं कहा गया है। उन्होंने कहा कि आज पेश बजट जमीनी हकीकत से बहुत दूर है और इस बजट से प्रदेश पर कर्ज का बोझ और बढ़ेगा। उन्होंने बजट को लोगों को भ्रमित करने वाला भी बताया।
