Spread the love

शिमला। कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण का जो दस्तावेज है, वह झूठ का पुलिंदा है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार प्रदेश ने विकास के लिए कुछ अच्छा किया होता तो वे जरूर इसकी प्रशंसा करते। उन्होंने कहा कि अगर सरकार झूठ बोल कर वाहवाही लूटने की कोशिश करेगी तो इसे हरगिज भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ओल्ड पेंशन स्कीम की गाड़ी राजस्थान से चल पड़ी है और हिमाचल में भी कांग्रेस सत्ता में आने पर इसे लागू करेगी।

विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर हुई चर्चा में हिस्सा लेते हुए विक्रमादित्य सिंह ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जन आंदोलन से नफरत करती है और वह इसे मानती ही नहीं है, जबकि हकीकत यह है कि जन आंदोलन करके ही कांग्रेस ने ही देश की आजादी की लड़ाई लड़ी है। उन्होंने कहा कि इसमें भाजपा को कोई योगदान नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की बड़ी-बड़ी बातें की गई हैं, जबकि हकीकत यह है कि प्रदेश के सबसे बड़े आईजीएमसी अस्पताल में आज दिन तक पैट स्कैन मशीन नहीं लग पाई है। वहीं, कई महीनों से यहां पर सीटी स्कैन मशीन खराब पड़ी है। 

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि डाॅक्टर्स पिछले काफी समय से हड़ताल पर है, जिससे लोगों को काफी परेशानियां झेलनी पड़ रही है। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र शिमला ग्रामीण में चरमराई स्वास्थ्य और दूसरी अन्य सुविधाओं की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित किया और कहा कि आने वाले विधानसभा चुनावों में जनता इसका करारा जवाब देगी और भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *