Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों के तबादलों पर रोक लगा दी है। सरकार ने बजट सत्र की समाप्ति तक यह रोक लगाई है। मुख्य सचिव राम सुभग सिंह की तरफ से तबादलों पर रोक के निर्देश सभी प्रशासनिक सचिवों व विभागों के प्रमुखों को भेजे गए हैं। इस दौरान केवल चिकित्सा कारणों अथवा विशेष परिस्थितियों में संबंधित विभागीय मंत्री की संस्तुति पर मुख्यमंत्री के आदेशों पर ही तबादले हो सकेंगे। सरकार के इस ताजा आदेशों से उन कर्मचारियों को झटका लगा है जो, इन दिनों अपनी एडजस्टमेंट के जुगाड़ में थे। आम तौर पर सर्दियों में कर्मचारी अपनी एडजस्टमेंट में रहते हैं, लेकिन इस बार अब ऐसा नहीं हो पाएगा। शुक्रवार को कार्मिक विभाग ने तबादलों पर पूरी तरह से रोक लगाकर उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। ऐसे में अब कर्मचारियों को अपने तबादलों के लिए बजट सत्र के समाप्त होने का इंतजार करना होगा। कार्मिक विभाग ने सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, मंडलीय आयुक्तों, सभी निगमों व बोर्डों के कार्यकारी अधिकरियों, विवि के रजिस्ट्रारों को इस संबंध में पत्र भेज दिया है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *