Spread the love

शिमला। भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता पूर्व विधायक रणधीर शर्मा ने कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री पर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि मुकेश अग्निहोत्री विरोधभासी व बेतुकी बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ कांग्रेस पार्टी के विधायक प्लानिंग की बैठकों में भाग लेकर अपनी विधायक प्राथमिकता दे रहे हैं और बजट के लिए अपने सुझाव दे रहे हैं. वहीं, दूसरी तरफ विधायक दल के नेता इन बैठकों को औपचारिक बता रहे हैं। 

रणधीर शर्मा ने स्पष्ट किया कि वर्तमान सरकार बिना भेदभाव के सभी विधायकों की प्राथमिकताओं की डीपीआर बनाने की कोशिश करती है, लेकिन कई प्राथमिकताएं ऐसे कार्यों की होती हैं, जो व्यवहारिक नहीं होती और वह रह जाती हैं। इसलिए इस पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। कोरोना महामारी को लेकर मुकेश अग्निहोत्री द्वारा दिए बयान को बचकाना करार देते हुए रणधीर शर्मा ने कहा कि कोरोना वैश्विक महामारी है। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण पूरी दुनिया में फैला और दूसरे देशों से हिंदुस्तान आया। इसलिए इसके लिए प्रधानमंत्री को दोष देने का क्या औचित्य? आज के वैज्ञानिक युग में ऐसी बात करना समझ से परे है। 

भाजपा के मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि देश में कांग्रेस की जो दुर्गति हो रही है, उससे सब वाकिफ हैं और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी में जो नेतृत्व की जंग चल रही है वो भी जग जाहिर है। उन्होंने कहा कि इससे कांग्रेस के नेता बौखलाहट में है और बौखलाहट में इस तरह की विरोधाभासी व बेतुकी बयानबाजी कर रहे हैं,जिसके कारण जनता के बीच हास्य के पात्र बन रहे हैं। शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन और वर्तमान सरकार की उपलब्धियों के आधार पर भारतीय जनता पार्टी फिर से सरकार बनाएगी। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *