Spread the love

शिमला। कांग्रेस नेता व विधायक रोहित ठाकुर ने ईरान समेत अन्य दूसरे देशों से भारत में आ रहे सेब पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से इस मामले में  तुरंत हस्तक्षेप करने की भी मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री से सेब को विशेष उत्पाद श्रेणी में लाने व सेब पर आयात शुल्क बढ़ाने के मामले को केंद्र सरकार से उठाने की भी मांग की। 

रोहित ठाकुर ने बुधवार को यहां कहा कि डबल इंजन वाली भाजपा सरकार की नीतियों से प्रदेश के बागवान पहले ही त्रस्त हैं। अब केंद्र सरकार के ढुलमुल रवैये के चलते ईरान से अवैध रूप से सेब आयात हो रहा है, जिसके चलते प्रदेश के बाग़वानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता वाली विधायक प्राथमिकता की बैठक में भी बागवानी से जुड़े मुद्दे उठाए। ठाकुर ने ईरान व अन्य देशों से आयात हो रहे सेब पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। उन्होंने जुब्बल-नावर-कोटखाई में सीए स्टोर व जिला शिमला में बागवानी कॉलेज खोलने, जम्मू कश्मीर की तर्ज़ पर बागवानों को सेब की हाई डेंसिटी वैरायटी पर अनुदान देने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने सेब पर आयात शुल्क तीन गुणा करने और सेब को विशेष उत्पाद श्रेणी में लाने की घोषणा की थी, जो मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के ढाई वर्ष बीत जाने के बाद जुमला साबित हुई है। 

रोहित ठाकुर ने कहा कि फफूंदनाशक-कीटनाशक दवाइयों पर मिलने वाले अनुदान को प्रदेश की भाजपा सरकार ने बन्द कर लाखों बागवानों के साथ अन्याय किया है। उन्होंने वर्तमान में फफूंदनाशक-कीटनाशक दवाईयों पर डीबीटी के माध्यम से अनुदान योजना को असफल बताया। उन्होंने कहा कि बागवानी विभाग में बागवानी विकास अधिकारी के 264 स्वीकृत पदों में 152 पद, बागवानी विकास अधिकारी के 512 स्वीकृत पदों में 138 पद रिक्त चल रहे हैं। ठाकुर कहा कि उनके निर्वाचन क्षेत्र के हाटकोटी, टिक्कर, शीलघाट और कोटखाई में बागवानी विकास अधिकारी के पद रिक्त पड़े हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से बादवानी विभाग में विभिन्न श्रेणियों के रिक्त पड़े पदों को भरने की मांग की। ठाकुर ने कहा कि बागवानी विभाग द्वारा पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार दोगुने दाम पर बागवानों को सेब व अन्य फलों की नर्सरी बेची जा रही है। उन्होंने पिछले वर्ष निर्धारित मूल्य पर बागवानों को नर्सरी उपलब्ध करवाने की मांग की। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *