कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के बंजार उपमंडल में मोहनी पंचायत के ग्राहो के सीमा नाला में एक जेसीबी सड़क से गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि तीन अन्य घायल हो गए हैं। सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर बंजार अस्पताल पहुंचाया गया है। बताया जाता है कि हादसे के वक्त जेसीबी में चालक समेत सात लोग सवार थे। ये सभी लोक निर्माण विभाग के बेलदार थे। मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा बंजार के मोहनी पंचायत में ग्राहो गांव के समीप सीमा नाला में हुआ। इस हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य में जुट गई। इस हादसे में प्यार दासी (55), निवासी फागुधार, डाकघर चेथर, बंजार, डाबे राम (55), निवासी घाट डाकघर चेथर बंजार, भीम सिंह (57), निवासी तांदी, बंजार और जेसीबी चालक हेमराज की मौत हो गई है। वहीं तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। इनकी पहचान चमन लाल, पैनू राम और तारा चंद के रूप में हुई है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
