धर्मशाला। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीन चौधरी ने शनिवार को शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में 30 लाख से निर्मित छतरुं ग्राम पंचायत सिहुंवा सम्पर्क सड़क का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में सड़क निर्माण, विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों के विस्तार को विशेष प्राथमिकता दे रही है। पर्वतीय राज्य में सड़कें ग्रामीण आर्थिकी व विकास की भाग्य रेखायें हैं और सरकार सड़कों की स्थिति के सुधार पर विशेष ध्यान दे रही है।
सरवीन चौधरी ने कहा कि अर्थव्यवस्था के विकास में हिमाचल जैसे पहाड़ी और कठिन भौगोलिक परस्थितियों वाले राज्य की यातायात में महत्वपूर्ण भूमिका है। रेलवे हवाई यातायात के सीमित साधनों के कारण यहां सड़कों का महत्व और भी बढ़ जाता है। प्रदेश की प्रगति में सड़कों की भूमिका के मद्देनज़र पिछले 4 वर्षों में सड़कों व पुलों के निर्माण को विशेष प्राथमिकता दी गई है। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के निर्धन एवं जरूरतमंद लोगों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए कृतसंकल्प है। इस वर्ग की निर्धन बेटियों के विवाह के लिए प्रदेश सरकार द्वारा शगुन नामक योजना आरंभ की गई है। इसके तहत गरीब परिवार की बेटी के विवाह के लिए 31 हजार की राशि अनुदान के रूप में प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि इस योजना पर चालू वित्त वर्ष के दौरान 50 करोड़ की राशि व्यय की जा रही है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति उप योजना के तहत हरिजन बस्ती छतरी में 20 लाख की लागत से इंटरलॉक टाईलें बिछाई गई है। शेष बचे कार्य में दस लाख की लागत से इंटरलॉक टाईले बिछाई जाएगी, जिसकी टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर दी गई है।
सरवीन चौधरी ने कहा कि 25 केवीए ट्रांसफार्मर फरगेड गांव में लगाया जा रहा है, जिसकी अनुमानित लागत 15 लाख रुपए होगी। गांव राख और भरनोली में एक किलोमीटर 3 फेस एलटी लाइन बनाई जा रही है, जिस पर 11 लाख रुपए व्यय होंगे। उन्होंने कहा कि उठाऊ पेयजल योजना सिहुन्वा-भरनोली के सुधारीकरण एवं विस्तारीकरण योजना के योजना के तहत एससीएसपी में 198.17 लाख व्यय किए जा रहे हैं। इसके तहत 5 भण्डारण टैंक व 14 हजार लीटर व वाटर ट्रीटमेंट प्लांट 53 एमएल डी का बनाया जा रहा है, जिससे सिहुंवा भरनोली गांव को फायदा होगा। उन्होंने सिहुवां में सामुदायिक भवन की ऊपरी मंजिल बनाने के लिए 5 लाख तथा चिल्ड्रन पार्क बनाने के लिए 5 लाख रुपए देने की घोषणा की। सामाजिक न्याय मंत्री ने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र को बुलंदियों पर ले जाने के लिए वह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में कई कार्यों को अमलीजामा पहनाया जा रहा है।
