ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में एक बेकाबू टिप्पर ने भेड़ पालक की दर्जनों भेड़ बकरियों को कुचल दिया। हादसा जिला के बंगाणा उपमंडल के तहत गांव डोहगी में शनिवार तड़के पेश आया। पीड़ित भेड़पालक कांगड़ा जिले के बैजनाथ का बताया जा रहा है। घटना के फौरन बाद टिप्पर चालक मौके से फरार हो गया। इस हादसे में 36 भेड़-बकरियों की मौके पर ही मौत गई, जबकि करीब 30 भेड़-बकरियां घायल हो गई हैं। भारी बारिश के बीच भेड़ पालक अपने मवेशियों के अवशेष सड़क पर एकत्रित करता रहा। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्राथमिक जांच के बाद अज्ञात टिप्पर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया। वहीं, मामले की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे एसडीएम बंगाणा विशाल शर्मा ने भी पीड़ित गद्दी को 20 हज़ार रुपए की फौरी राहत प्रदान की। घटना में घायल हुई भेड़ों को पशुपालन विभाग के चिकित्सकों द्वारा उपचार दिया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे उपमंडल बंगाणा के तहत डोहगी में एक अज्ञात वाहन ने कांगड़ा जिले के बैजनाथ उपमंडल के निवासी भेड़ पालक किशोरी लाल की भेड़ों के झुंड को कुचल दिया। स्थानीय लोगों ने फौरन घटना की जानकारी पुलिस को दी। साथ ही इस घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन चालक की तलाश भी शुरू कर दी। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। बता दें कि सर्दी के सीजन में प्रदेश की ऊंची चोटियों से भेड़ पालक अपने पशुओं को लेकर मैदानी इलाकों में आ जाते हैं। वही, दिसंबर से मार्च तक का समय यहां गुजारने के बाद वापस अपने घरों की तरफ सफर शुरू करते हैं।
