Spread the love

बिलासपुर। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजिन्द्र गर्ग ने कहा कि मुख्यमंत्री का सपना है कि हर घर को पानी का कनेक्शन मिले और एक भी घर न छूटे, हर घर में नल द्वारा शुद्ध जल मिल सके। इस सपने को पूरा करने के लिए जल जीवन मिशन के तहत सभी घरों में नल उपलब्ध करवाए गए हैं। उन्होंने बताया कि 4 करोड़ 36 लाख रुपए से देहरा कोट पेयजल योजना पर खर्च किए गए हैं। पीने के पानी की समस्या से निजात दिलाने के लिए कांगरी में भी टैंक बन कर तैयार किया जा चुका है तथा कोट बाहल में ओवर हैड टैंक का निर्माण किया जा रहा है। वे शनिवार को घुमारवीं हलके के ग्राम पंचायत कोट के लोगों की समस्याएं सुनने के दौरान बोल रहे थे। 

गर्ग ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 65 से 69 वर्ष की महिलाओं को एक हजार रुपए की सामाजिक सुरक्षा पेंशन बिना किसी आय प्रमाण पत्र के प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए अनेक कदम उठा रही है। आईआरडीपी के परिवारों की बेटियों के लिए मुख्यमंत्री शगुन योजना से 31 हजार रुपए और मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में 51 हजार रुपए प्रदान किए जा रहे हैं। बेटी है अनमोल कार्यक्रम में जन्म से ही बेटियों के नाम जो एफडी पहले 12 हजार रुपए थी, उसे अब बढ़ाकर 21 हजार रुपए का कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण व समाज कल्याण के लिए के लिए प्रदेश सरकार द्वारा अनेक योजनाएं आरंभ की गई है। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत दी जाने वाली 40 हजार रुपए की राशि को बढ़ाकर 51 हजार रुपए कर दिया गया है।
मंत्री ने कहा कि कोरोना काल में क्षेत्र के विकास की गति में कोई कमी नहीं आई, बल्कि विकास के लिए प्रदेश सरकार घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में लगातार प्रयासरत रही। सरकार विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य जैसे बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने बताया कि पिछले 4 वर्षों में कोट स्कूल में विभिन्न कार्यों के लिए लगभग 22.5 लाख रुपए खर्च किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सड़क परिवहन किसी भी देश के आर्थिक विकास के लिए अपेक्षित आधारभूत ढांचे का एक महत्वपूर्ण भाग है। विकास में गति लाने के लिए विधानसभा क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। लदरौर जाहू कोट सड़क और कोट सड़क का सुधारीकरण किया गया है बाकि बचे कार्य के लिए भी धन उपलब्ध करवा दिया गया है। इस क्षेत्र के सम्पर्क सड़कों के लिए 1 करोड़ 13 लाख रुपए उपलब्ध करवाए गए है। उन्होंने कहा कि कोट मैहरा मुंडखर सड़क को पक्का किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुंडखर पुल के लिए 40 लाख रुपए स्वीकृत करवाये हैं। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *