Spread the love

शिमला। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल ने कांग्रेस नेता मुकेश अग्निहोत्री को जवाब देते हुए कहा प्रदेश में डबल इंजन की सरकार तेज़ गति से चल रही है। केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार मिल कर हिमाचल के विकास कार्यों को धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है, जिस कारण कांग्रेस के नेता पूरी तरह से बौखला गए हैं।

जम्वाल ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को आभास हो गया है कि 2022 के आम चुनावों में हिमाचल में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने पूछा कि जब डॉ. मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे तो कितनी बार हिमाचल आए। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल को अपना दूसरा घर मानते हैं। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार के कार्यकाल में जनता को कार्यालयों के चक्कर लगाने से छुटकारा मिला है। हिमाचल सरकार घर-द्वार पर ही समस्याओं का निपटारा जनमंच के माध्यम से कर रही है। प्रदेशभर में अभी तक 232 जनमंच के कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जिसमें 53665 शिकायतें एवं मांगें प्राप्त हुई और अभी तक 93 फीसदी मामलों का निपटारा हो चुका है।
भाजपा नेता ने कहा कि जयराम सरकार ने निवेश और रोजगार की नई राह आसान बनाई है और अब उनकी सरकार में हिमाचल के युवा हौंसले की उड़ान भर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहली बार इन्वेस्टर्ज़ मीट का आयोजन रिकॉर्ड 96 हज़ार करोड़ के समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। वहीं, 13 हजार करोड़ की पहली ग्राउंड ब्रेकिंग के बाद 27 दिसंबर, 2021 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में 27 हजार करोड़ की दूसरी ग्राउंड ब्रेकिंग का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में कुल निवेश 40 हजार करोड़ तक पहुंच गया है। यह जयराम सरकार की बड़ी उपलब्धि है।
जम्वाल ने कहा कि केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम द्वारा देश के चार राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों में सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण 27 परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं। इन परियोजनाओं का निर्माण सीमा सड़क संगठन बीआरओ द्वारा किया गया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में मनाली-सरचू सड़क मार्ग पर बने कोठी-1 पुल, कोठी-2 पुल, कमांडर पुल और पातसियो पुल तथा पोवारी-पूह सड़क पर बने काशंग पुल देश की सुरक्षा में अहम योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि लेह के लिए वैकल्पिक मार्ग पर बने ये पुल जम्मू और कश्मीर तथा लेह में तैनात हमारे सैनिकों के लिए बहुत मददगार सिद्ध होंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने हिमाचल को एम्स एवं अटल टनल जैसी बड़ी सौगात दी है, जिससे जनता को बड़ा लाभ हो रहा है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *