शिमला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर रविवार को अचानक दिल्ली रवाना हुए। जयराम ठाकुर की प्रधानमंत्री मोदी से सोमवार सुबह मुलाकात होनी है। समझा जाता है कि इस दौरान प्रदेश की भाजपा सरकार के चार वर्ष पूरा होने पर 27 दिसंबर को मंडी में आयोजित किए जाने वाले समारोह को लेकर चर्चा करेंगे। साथ ही इसका औपचारिक निमंत्रण भी देंगे। प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान विकास परियोजनाओं को लेकर चर्चा के साथ-साथ राज्य के राजनीतिक हालात पर भी विचार-विमर्श संभव है।
बताया जाता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सोमवार को होने वाली मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की मुलाकात के दौरान जहां सरकार के चार साल के जश्न पर विस्तृत चर्चा होगी, वहीं इस मौके पर होने वाले विभिन्न आयोजनों को लेकर भी अंतिम रूप दिया जाएगा। भाजपा सरकार चार साल पूरा करने के मौके पर राज्य में निवेश को लेकर 20 हजार करोड़ रुपए की दूसरी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी भी आयोजित कर रही है। इसे लेकर भी चर्चा संभव है। मंडी में होने वाले जश्न के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन पनबिजली परियोजनाओं -लूहरी चरण एक, धौलासिद्ध और रेणुका जी डैम का शिलान्यास करने जा रहे हैं, वहीं, सावड़ा कुड्डू पन बिजली परियोजना का लोकार्पण भी किया जा सकता है।
उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बुलावे पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के अचानक दिल्ली रवाना होने के चलते हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की सोमवार को प्रस्तावित बैठक पर संशय बरकरार है। यह बैठक सोमवार सुबह 10.30 बजे प्रस्तावित थी। सूत्रों के मुताबिक बैठक के समय ही मुख्यमंत्री की प्रधानमंत्री से बैठक होनी है। ऐसे में प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक सोमवार शाम को होगी या फिर इसे स्थगित किया जा सकता है। मंत्रिमंडल की यह बैठक पहले भी तीन बार स्थगित हो चुकी है। अब यह बैठक सोमवार शाम होती है या फिर आगे खिसकती है, यह अभी तक साफ नहीं है।
