शिमला। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के मार्गदर्शन में होने जा रहे सांसद खेल महाकुंभ के लिए अभी तक, पहले 3 दिनों में लगभग 600 से अधिक टीमों ने पंजीकरण करवा दिया है। उन्होंने कहा कि खेल महाकुंभ का पंजीकरण 22 नवम्बर से शुरू हुआ है, जो 3 दिसंबर तक चलेगा। ग्रामीण विकास व पंचायतीराज मंत्री व खेल महाकुंभ संसदीय समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र कंवर ने यह जानकारी दी।
कंवर ने बताया कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के युवाओं में सांसद खेल महाकुंभ के लिए भारी उत्साह देखा जा रहा है। शहरी क्षेत्रों के साथ साथ ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं में भी सांसद खेल महाकुंभ को लेकर नया जोश देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि अनुराग ठाकुर के मार्गदर्शन में सांसद खेल महाकुंभ युवाओं के लिए एक उम्दा खेल मंच है, जिसके माध्यम से संसदीय क्षेत्र के युवक व युवतियों को नशे से मुक्त और खेल व स्वास्थ्य युक्त धयेय के साथ अपनी प्रतिभा को परिलक्षित करने का सुनहरा अवसर मिल रहा है।वीरेंद्र कंवर ने कहा कि संसदीय खेल महाकुंभ की संसदीय,जिला व मंडल समितियां इस आयोजन को सफल व भव्य बनाने के अथक प्रयासों में जुटी हैं। जो युवक व युवतियां अभी तक पंजीकरण नहीं करवा सके हैं वो जल्द से जल्द पंजीकरण करवाएं, ताकि वो भी इस भव्य आयोजन का हिस्सा बन पाएं।
ज्ञात रहे कि सांसद खेल महाकुंभ में 50 लाख से अधिक के नकद पुरूस्कारों के अलावा सभी खिलाड़ियो को टी शर्ट व सर्टिफिकेट भी दिए जाएंगे, परंतु सबसे महत्वपूर्ण यह है कि प्रतिभावान खिलाड़ियों को अलग से चिन्हित कर उनके प्रशिक्षण का भी उचित व्यवस्था की जायेगी, ताकि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के युवक व युवतियां राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा सकें। खेल महाकुम्भ खिलाड़ियों को क्रिकेट, कबड्डी, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, फुटबॉल व एथलेटिक्स में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देता है। वहीं, वीरेंद्र कंवर ने केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर का पुनः खेल महाकुम्भ का आयोजन करने के लिए आभार व्यक्त किया।
