Spread the love

शिमला। शहरी विकास नगर नियोजन एवं सहकारिता मंत्री सुरेश भारद्वाज ने शहरी निकायों के जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे विकासात्मक कार्यों में अधिकारियों से बेहतर समन्वय स्थापित करें और शहरी विकास विभाग की बारीकियों को गंभीरता से लें। वे सोमवार को यहां हिमाचल प्रदेश लोक प्रशासन संस्थान (हिप्पा) में शहरी विकास विभाग द्वारा नगर निगम, नगर परिषद एवं नगर पंचायत के प्रतिनिधियों के लिए आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला में बोल रहे थे। भारद्वाज ने इस कार्यशाला में बताया कि यह प्रशिक्षण शिविर शहरी निकायों के लिए 18 से 19 अक्टूबर तथा 26-27 नवंबर 2021 को आयोजित किया गया था। इस कार्यशाला में शहरी विकास विभाग एवं नगर निकायों की कार्यप्रणाली से जनप्रतिनिधियों को अवगत करवाया गया एवं उन्हें उनके दायित्व निर्वाहन पर भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

शहरी विकास मंत्री ने ऐसे प्रशिक्षण शिविरों पर बल दिया तथा जनप्रतिनिधियों से सीधा संवाद स्थापित किया और विभाग की कार्यप्रणाली पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान शहरी निकायों के जनप्रतिनिधियों के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की जिससे असहाय एवं निर्धन वर्ग को लाभ मिला। हिमाचल प्रदेश लोक प्रशासन संस्थान हिप्पा के निदेशक मनमोहन शर्मा ने शहरी विकास मंत्री का स्वागत किया तथा उन्हें प्रशिक्षण मॉड्यूल से अवगत करवाया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश लोक संस्थान हिप्पा के अधिकारी भी उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *