Spread the love

शिमला। मंडी संसदीय सीट से नव निर्वाचित सांसद प्रतिभा सिंह ने आज अपने निवास हॉलीलॉज में कांग्रेस विधायकों और पूर्व विधायकों और पार्टी के प्रमुख नेताओं के लिए लंच का आयोजन किया। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, पूर्व अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू समेत कई अधिकतर दिग्गज नेता इस दौरान हॉलीलॉज में जुटे। सभी ने प्रतिभा सिंह को चुनाव में जीत पर बधाई दी।

 वहीं, इस लंच डिप्लोमेसी को लेकर राजनीतिक हलकों में खासी चर्चा रही है और इसे हॉलीलॉज का शक्ति प्रदर्शन तक बताया। लेकिन जो भी हो, लंच डिप्लोमेसी के बहाने कांग्रेस की एकजुटता का संदेश पूरे प्रदेश में गया है और अगले वर्ष होने वाले चुनावों से पहले यह संदेश पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा पैदा करेगा। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह हॉलीलॉज में अक्सर इस तरह के लंच और डिनर का आयोजन करते रहते थे, लेकिन यह पहला मौक़ा है जब वीरभद्र सिंह के निधन के बाद प्रतिभा सिंह और  उनके पुत्र विक्रमादित्य सिंह ने लंच का आयोजन किया। इसमें सभी नेताओं ने हाजिरी भरकर एकता का संदेश दिया। 

उधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि जिस तरह से इन उपचुनावों में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है, उससे कांग्रेस पार्टी में खुशी का माहौल है, लेकिन दु:ख इस बात का है कि  आज दिवंगत नेता वीरभद्र सिंह हमारे बीच नहीं है। आज उनकी कमी खल रही है। उन्होंने कहा कि मंडी संसदीय सीट पर जीत के बाद प्रतिभा सिंह ने लंच का आयोजन किया था, जिसमें सभी नेता शामिल हुए। उपचुनावों में कांग्रेस को बहुत बड़ी जीत मिली है और आज खुशनुमा माहौल में सभी नेता एक साथ मिले हैं और इससे एकजुटता का संदेश जाएगा। राठौर ने कहा कि जिस तरह की ग़लत अफ़वाहें विपक्ष फैला रहे थे कि कांग्रेस गुटों में बंटी है, उनके लिए आज का आयोजन एक जवाब है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 2022 में भी एकजुटता के साथ चुनाव लड़ेगी और जीत दर्ज करेगी।

कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि जिस तरह से उप चुनाव में कांग्रेस जीती है, उसी खुशी में सभी विधायकों, पूर्व विधायकों और अन्य प्रमुख नेताओं को आज लंच पर आमंत्रित किया गया था। ये खुशी का मौका था, इसमें एकजुटता का संदेश देने के लिए सभी नेता एकत्रित हुए थे। जिस तरह से उपचुनावों में सभी नेता थके हुए थे और अब जीत के बाद काफ़ी उत्साहित है। ये कांग्रेस का परिवार है। आज वीरभद्र सिंह की कमी भी खली है। उन्होंने कहा कि हॉलीलॉज ने कई ऐसे दौर देखे हैं और इस तरह के आयोजन हमेशा यहां होते रहते थे। ये पहला मौका है कि वीरभद्र सिंह हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका आशीर्वाद हमेशा हमारे साथ है और आगे भी बना रहेगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह से ये उपचुनाव जीते हैं, उससे साफ है कि वर्ष 2022 में भी कांग्रेस विधानसभा चुनाव जीत कर सत्ता पर काबिज होगी। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *