शिमला। फिल्म अभिनेत्री कंगना रणौत के आजादी को लेकर लेकर दिए गए बयान को प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष जैनब चंदेल ने शर्मनाक और निंदनीय करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह हमारे देश का दुर्भाग्य है कि जहां पर मात्र एक राजनीतिक पार्टी को खुश करने के लिए देश के लिए मर मिटने वालों का मजाक उड़ाया गया है।
चंदेल ने कहा कि देश की आजादी के लिए असंख्य लोगों ने कुर्बानी दी है। उन्होंने कहा कि गुलामी के खिलाफ लड़ाई तो देश में 1857 से ही चली आ रही है, जहां पर रानी लक्ष्मीबाई और मंगल पांडेय जैसे महान वीर सपूत व देशभक्त हुए और बाद में सुखदेव, राजगुरु, चंद्रशेखर आजाद व उधम सिंह जैसे भारत मां के बहादुर सपूत, जिन्होंने आजादी के लिए अपने प्राणों तक का मोह छोड़ दिया था। उन्होंने कहा कि कंगना रणौत ने उन सभी देशभक्तों का मजाक उड़ाया है और इसकी प्रदेश महिला कांग्रेस कड़ी निंदा करती है। उन्होंने कंगना से देश की जनता से माफी मांगने की मांग की है। जैनब चंदेल ने कंगना को पद्मश्री अवार्ड मिला है तो उन्हें इसकी गरिमा भी बनाए रखनी चाहिए थी। पद्मश्री का मतलब है और राष्ट्र के लिए कुछ बेहतर करने वाले लोगों का सम्मान है, लेकिन कंगना रणौत ने राष्ट्र का ही अपमान किया है। उन्होंने कहा कि कंगना ने राष्ट्र के सभी देशभक्तों का अपमान किया है, जिन्होंने आजादी के लिए अपने प्राणों का त्याग किया। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि कंगना रणौत से पद्मश्री वापस लिया जाए और ऐसे निंदनीय बयान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
