शिमला। राजधानी शिमला के उपनगर संजौली के इंजन घर वार्ड में एक मकान में अचानक आग लग गई। इस हादसे के वक्त घर में कोई नहीं था। मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे छोटा शिमला स्थित अग्निशमन कार्यालय को मकान में आग लगने की सूचना मिली। आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से एक घंटे के भीतर आग पर काबू पाया। जिस मकान में आग लगी, वहां आस-पास और भवन भी बने हैं और घनी आबादी है। ऐसे में वहां आग लगने से अफरा-तफरी फैल गई। इसे देखते हुए अग्निशमन कर्मियों ने सबसे पहले घर से गैस सिलेंडर बाहर निकाले। क्योंकि यदि गैस सिलेंडर में आग लग जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था और इससे घनी आबादी वाला क्षेत्र होने के चलते आसपास के मकानों को भी नुकसान हो सकता था। आग लगने से एक मंजिल को भारी नुकसान पहुंचा है। नुकसान लाखों में आंका जा रहा है। बताया जाता है कि आग लगने के समय घर में कोई नहीं था। फायर अफसर टेकचंद ने बताया कि तीन गाड़ियां और करीब एक दर्जन जवान आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंचे थे। एक घंटे के भीतर आग पर काबू पर पा लिया गया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। रिपोर्ट बनाकर अधिकारियों को सौंपी जाएगी।
