शिमला। प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर में मंगलवार भूकंप के झटके महसूस किए गए। मंगलवार को किन्नौर जिले में दोपहरबाद 4.27 बजे भूकंप के झटके आए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.4 मापी गई। भूकंप के झटकों से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और कई स्थानों पर लोग घरों से बाहर निकल आए। फिलहाल भूकंप से किसी भी तरह के जान-माल का नुकसान की सूचना नहीं है।
शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि भूकंप के झटके दोपहरबाद 4.27 मिनट पर महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र 31.38 अक्षांश और 76.69 देशांतर पर जमीन की सतह से पांच किमी. गहराई में था। भूकंप से किसी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। इससे पहले, किन्नौर में बीते चार अक्टूबर को 2.9 की तीव्रता का भूकंप आ चुका है। वहीं, 25 अक्टूबर को राजधानी शिमला में रियेक्टर स्केल पर 2.1 का भूकंप आया था।
