Spread the love

मंडी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी संसदीय हलके के बल्ह के पैड़ी से विपक्ष को ललकारते हुए चारों सीटों के साथ 2022 में भी मिशन रिपीट का दावा किया है। शनिवार को वहां भाजपा सदस्य खुशाल ठाकुर के समर्थन में आयोजित चुनावी जनसभा में उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस के लोग मुझसे यह पूछ रहे हैं कि आपकी उपलब्धियां क्या है। लगता है कांग्रेसियों के लिए हजारों करोड़ के घोटाले ही उपलब्धियां हैं, जमीन पर हुआ विकास उन्हें नजर नहीं आता। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार गरीबों के लिए समर्पित है। वे कांग्रेस नेताओं को याद दिलाना चाहते हैं कि 2019 के लोकसभा चुनावों में 68 के 68 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा को लीड मिली थी और चारों सीटों पर जीत मिली। उसी साल दो उपचुनाव हुए, वह भी जीते। फिर पंचायत चुनाव हुए, उसमें भी भाजपा को ही जीत मिली। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने राज्य के दो लाख गरीब मरीजों का मुफ्त इलाज करवाया, लेकिन वे कांग्रेस के लोगों से पूछना चाहते हैं कि उन्होंने क्या किया। कांग्रेस ने कभी सोचा नहीं कि गरीब लोगों का इलाज कैसे होता है। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका एक सपना है कि प्रदेश एक बहुत बड़ा एयरपोर्ट हो। इसके लिए उन्होंने बल्ह विधानसभा क्षेत्र में जगह भी देख ली। इसके लिए सर्वे करवाया और सभी प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है और जल्द ही भूमि अधिग्रहण का काम भी शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि बल्ह में एनडीआरएफ बटालियन के लिए सरकार ने बैहना में जगह दी। जयराम ठाकुर ने कहा कि उपचुनावों में भाजपा चारों सीटों पर जीत रही है, जिससे कांग्रेसी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता इसलिए भी ज्यादा परेशान हैं, क्योंकि देश में कहीं पर भी यह पार्टी बची नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी कहने वाली कांग्रेस आज कहीं पर भी दिखाई नहीं देती। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *