मंडी। मंडी संसदीय उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर ने वीरवार को नामांकन दाखिल किया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर समेत अन्य मंत्रियों और भाजपा के विधायकों व पदाधिकारियों की मौजूदगी में उन्होंने पर्चा भरा। नामांकन के बाद मंडी के सेरी मंच से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप और मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने भी जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की जयराम सरकार ने जो विकास कार्य किए हैं, हम उसी के दम पर चुनाव जीतेंगे।
खुशाल ठाकुर ने भारत माता की जय के नारे के साथ अपने भाषण की शुरुआत की और प्रत्याशी बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर समेत पार्टी के केंद्रीय और प्रदेश के नेतृत्व का धन्यवाद अदा किया। खुशाल ठाकुर ने देवी-देवताओं और प्रदेश के शहीदों को नमन किया और मंडी के सांसद रहे स्वर्गीय रामस्वरूप शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि दी।खुशाल ठाकुर ने कहा, “मैं फौजी हूं, राजनीति की उतनी समझ नहीं। लेकिन सेरी का यह मंच मेरे लिए नया नहीं है। 1970 से मैं इससे जुड़ा हुआ हूं। मैं सेना में जाने से पहले जब पटवारी था तो सामने ही मेरा दफ्तर हुआ करता था। मंडी और कुल्लू में मेरा बचपन बीता है, पढ़ाई लिखाई हुई है। पूरा मंडी संसदीय क्षेत्र मैंने घुमा है और यहां के लोगों के संपर्क में हूं। इसलिए जानता हूं कि यहां की जरूरतें और अपेक्षाएं क्या हैं।” उन्होंने कोविड काल का जिक्र करते हुए कहा, “कोविड काल में देश में प्रधानमंत्री जी ने और प्रदेश में मुख्यमंत्री जी ने जिस तरह से कोरोना पर काबू पाया वह सराहनीय है। कोरोना काल में सीएम जी ने ढाई लाख लोग जो बाहर फंसे थे, उन्हें वापस लाया। विपक्ष ने सवाल उठाए कि कोरोना फैल जाएगा, लेकिन मुख्यमंत्री ने कहा कि ये अपने लोग हैं इन्हें कैसे छोड़ सकते हैं। मुझे ये बताते हुए भी गर्व है कि आज हिमाचल में कोरोना वैक्सीन की पहली वैक्सीन 100 फीसदी आबादी को लग गई।”
‘केंद्र के सामने रखूंगा हिमाचल के मुद्दे’
मंडी संसदीय क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हिमाचल में शिव धाम बनाया जा रहा है, जिसका कार्य तेजी से चल रहा है। हर विधानसभा क्षेत्र में 200-300 करोड़ रुपए का बजट दिया गया है। बल्ह में इंटरनेशनल हवाई अड्डा बनने जा रहा है यह सीएम का ड्रीम प्रोजेक्ट है। वे यह विश्वास दिलाता हैं कि इन कार्यों के लिए वे भी केंद्र में अपनी बात रखेंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल के मुद्दे अन्य राज्यों के मुकाबले अलग हैं। इन मुद्दों को केंद्र के समक्ष रखने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि स्व. रामस्वरूप शर्मा के जो कार्य अधूरे बचे हैं उन्हें पूरा करने की कोशिश करेंगे। खुशाल ठाकुर ने कहा कि 35 साल जिस तरह से उन्होंने सेना में रहते हुए देश सेवा में गुजारे हैं, ठीक उसी तरह अब जनता की सेवा करेंगे। उन्होंने कहा कि जो एक बार फौजी रहता है, वो हमेशा फौजी रहता है। पूरी ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारी को निभाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि मंडी की जनता की आवाज को केंद्र और प्रदेश में रखने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मुख्यमंत्री भी कहते हैं कि मंडी सीट हमारी थी हमारी है और हमारी रहेगी।
