शिमला। लंबे मंथन के बाद भाजपा ने एक लोकसभा सीट और तीन विधानसभा सीटों के लिए वीरवार सुबह उम्मीदवारों की सूची जारी की। भाजपा ने मंडी संसदीय सीट से खुशाल ठाकुर को उम्मीदवार घोषित किया और उन्होंने वीरवार को ही नामांकन पत्र भी दाखिल किया। खुशाल ठाकुर ने मंडी में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और अन्य नेताओं की मौजूदगी में नामांकन पत्र भरा। उधर, भाजपा ने तीनों विधानसभा सीटों से भी उम्मीदवार घोषित किए। पार्टी ने अर्की से रतनपाल सिंह, फतेहपुर से बलदेव ठाकुर और जुब्बल-कोटखाई से चौंकाते हुए नीलम सरेइक को उम्मीदवार घोषित किया। अर्की से उम्मीदवार घोषित रतन पाल सिंह, जुब्बल कोटखाई से नीलम सरेइक और फतेहपुर से बलदेव ठाकुर शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
उधर, भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि भाजपा ने अपने तीन विधानसभा के एवं एक संसदीय क्षेत्र के लिए प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। मंडी संसदीय क्षेत्र से ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को उम्मीदवार बनाया है जो कारगिल हीरो हैं। जम्वाल ने कहा कि फतेहपुर से बलदेव ठाकुर पूर्व में 2012 में भाजपा से चुनाव लड़ चुके हैं और 30 वर्ष से भाजपा से जुड़े हैं। वहीं, अर्की से रतन पाल सिंह, जिन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ा था। उन्होंने कहा कि जुब्बल-कोटखाई से नीलम सरैईक को भाजपा का उम्मीदवार घोषित किया है। भाजपा ने हमेशा महिला को राजनीति में उचित दर्जा दिया है, महिला की 50 फीसदी आबादी समाज में है और भाजपा महिलाओं को पूरा स्थान देती है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेमकुमार धूमल सरकार ने 50 फीसदी आरक्षण महिलाओं को पंचायतीराज चुनावों में दिया था।
जम्वाल ने कहा कि भाजपा बड़ा परिवार है और हमारे सभी कार्यकर्ता बराबर है। उन्होंने कहा कि चेतन बरागटा छोटे भाई हैं और आईटी के प्रदेश संयोजक तथा विरिष्ठ नेता हैं। उन्होंने कहा कि फतेहपुर से पिछली बार कृपाल परमार को पार्टी ने मौका दिया था और इस बार बलदेव ठाकुर को मौका दिया है। उन्होंने कहा की गोविंद शर्मा 3 बार चुनाव लड़े चुके हैं और टिकट मांगना सबका अधिकार है। उन्होंने कहा कि भाजपा एकजुट होकर इन उपचुनावों में उतरेगी।त्रिलोक जंवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी और चारों सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा की कांग्रेस की करनी और कथनी में फर्क है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मेनिफेस्टो में बेरोजगारी भत्ता देने की बात की थी, लेकिन आज तक पूरी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवारवाद की पार्टी है। देश में गांधी और प्रदेश में वीरभद्र परिवार हावी रहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मंडी में कोई और प्रत्याशी नहीं मिला, यह हैरानी की बात है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा सिंह, वीरभद्र सिंह की पत्नी हैं और यही एकमात्र उनकी विशेषता है। जब वह एक बार सांसद रही, उनकी कोई भी उपलब्धि नहीं रही। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर ज़मीन के नेता हैं और समाज की कठिनाइयों को समझते हैं।
