Spread the love

शिमला। शिमला और सोलन जिलों की सर्पीली पगडंडियों पर देश के 22 राज्यों के साइकलिस्ट अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस प्रतियोगिता में इस बार छह श्रेणियां रखी गई हैं और इनमें से अधिकतम 48 प्रतिभागी सोलो इवेंट में हिस्सा ले रहे हैं। इस प्रतियोगिता में 16 वर्ष से कम आयु के बच्चों के अलावा अंडर 19, पुरूष एकल, महिला एकल, टीम आफ यू और मास्टर स्तर की प्रतियोगिता होगी। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर इस प्रतियोगिता को रिज मैदान से हरी झंडी दिखाएंगे। प्रतियोगिता से पहले ये साइकलिस्ट राजधानी शिमला में लोगों को साइकलिंग के प्रति जागरूक करने के लिए हेरीटेज साइकलिंग करेंगे। हस्तपा द्वारा आयोजित इस दो दिन की प्रतियोगिता में देश के 22 राज्यों के साइकलिस्ट हिस्सा ले रहे हैं। इनमें सब कम आयु के 10 वर्षीय शिमला के कौस्तव हिस्सा ले रहे हैं। वहीं, इसमें शिमला की ही 13 वर्षीय दिविजा सूद भी हिस्सा ले रही हैं।

हस्तपा के अध्यक्ष मोहित सूद ने वीरवार को यहां कहा कि 9वीं एमटीबी शिमला प्रतियोगिता में दो दिन में एक सौ साइकलिस्ट विभिन्न वर्गों में एक सौ किमी. से अधिक का सफर तय करेंगे। इस दौरान प्रतियोगियों को जहां सर्पीली उतराई उतरनी होगी, वहीं खड़ी चढ़ाई भी चढ़नी होगी। प्रतियोगिता से पहले शुक्रवार को हेरिटेज सफर होगी, जिसमें प्रतिभागी शिमला के लोगों को साइकलिंग के प्रति जागरूक करने के लिए शहर में चक्कर लगाएंगे। ये साइकलिस्ट एडवांस स्टडी से रिज, गवर्नर हॉउस, नवबहार, संजौली, आईजीएमसी, रिज और सीटीओ तक सफर करेंगे।वहीं, प्रतियोगिता की दूसरे दिन शनिवार को प्रतियोगिता शुरू होगी और उस दिन साइकलिस्ट विली पार्क, शीलगांव, आनंदपुर, साधुपुल, जनेड़घाट, दोची और साधुपुल पहुंचेंगे। इसदिन साइकलिस्ट को खड़ी उतराई में सफर करना होगा। रात को वहां रुकने के बाद साइकलिस्ट अश्वनी खड्ड, जुनगा, कोटी, मुंडाघाट और चीनी बंगला पहुंचेंगे और यहां पर प्रतियोगिता समाप्त होगी और फिर साइकलिस्ट पीटरहाफ पहुंचेंगे। इसमें प्रतियोगियों को चढ़ाई चढ़नी होगी। समापन समारोह पीटरहाफ में होगा और प्रधान सचिव पर्यटन सुभाषीश पांडा मुख्य अतिथि होंगे और वे विजेताओं को सम्मानित करेंगे। मोहित सूद ने कहा कि इस बार प्रतियोगिता में कोविड के कारण विदेशी साइकलिस्ट नहीं आ पाए हैं। इस प्रतियोगिता में केवल तीन विदेशी साइकलिस्ट हिस्सा ले रहे हैं और ये यहीं भारत में रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि जैसे ही साइकलिस्टों को वीजा लेने में आसानी होगी, वे भी आने वाली प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। 

हिमाचल साइकलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश मल्होत्रा ने इस दौरान कहा कि हिमाचल में साइकलिंग का रोमांच बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि संघ शिमला प्रशासन से मामला उठाएगा कि राजधानी की कुछ सड़कों को सुबह के समय केवल साइकिल चलाने वालों के लिए ही खुली रखे और कोई वाहन उन मार्गों पर न चले। इससे साइकिल के शौकीन सुबह के समय साइकलिंग कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि सुबह यदि एक-दो घंटे के लिए यह व्यवस्था की जाती है तो इससे हर आयु वर्ग के लोग साइकलिंग के लिए आगे आएंगे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *