शिमला। जिला शिमला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष यशवंत छाजटा ने आरोप लगाया है कि त्योहारों के सीजन की शुरुआत में ही डबल इंजन की सरकार ने आम जनता को तोहफा देने के बजाय उनकी जेबों में डाका डालने का कार्य शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि जहां देश एवं प्रदेश की जनता पहले से ही कोरोना जैसी वैश्विक महामारी के चलते त्रस्त है और लाखों लोगों की नौकरियां छिन चुकी हैं, वहीं केंद्र तथा प्रदेश की भाजपा सरकार ने बढ़ती महंगाई के चलते नए आयाम स्थापित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। उन्होंने कहा कि आज जहां प्रदेश में पेट्रोल 100 रुपए के पार पहुंच गया है, वहीं घरेलू गैस सिलेंडर एक हजार का आंकड़ा पार करते हुए 1001.75 रुपए पहुंच गए है और डीजल की कीमतें भी भी कुछ दिनों में सैंकड़ा मारने वाली है।
यशवंत छाजटा ने कहा कि भाजपा को यह याद रखना चाहिए कि जब दिल्ली में यूपीए की सरकार थी तब विपक्ष में बैठी एनडीए ने प्याजों की माला पहन कर और घरेलू गैस सिलेंडरों को सर पर उठाकर पूरे देश में हाए तोबा मचा दी थी। उन्होंने कहा कि आज क्यों मोदी और जयराम सरकार बढ़ती महंगाई के मुद्दे पर चुप हैं। उन्होंने पूछा कि अच्छे दिन के वो वायदे कहां गए। उन्होंने कहा कि अब बढ़ती महंगाई को लेकर क्यों चुप बैठी है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता जानना चाहती है मोदी और जयराम सरकार का बढ़ती महंगाई को लेकर क्या जवाब है। उन्होंने कहा कि निजीकरण करने से देश का विकास नहीं होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आज़ादी से आज तक देश को शिखर तक पहुंचाने में अपना योगदान दिया, जिसे यह भाजपा सरकार को मिट्टी में मिलाने का कार्य कर रही है। देश की जनता इन्हें कभी माफ नहीं करेगी।
